The Voice of Bareilly since 2010

तंबाकू नियंत्रण अधिनियम की छात्रों ने ली शपथ, प्रधानाचार्य ने दी धूम्रपान न करने की सलाह

Bareillylive : विष्णु इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बुधवार को एक विशेष शपथग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसमें करीब 300 छात्रों ने तंबाकू और धूम्रपान का त्याग करने की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को धूम्रपान से होने वाले नुकसान और इसे छोड़ने के फायदों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि धूम्रपान छोड़ने के दो से चार हफ्तों के भीतर रक्त संचार में सुधार आ जाता है और 72 घंटे के बाद सांस लेना सामान्य हो जाता है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे खुद भी इस बुरी आदत से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

नोडल अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि तंबाकू नियंत्रण अधिनियम 2003 के अंतर्गत किसी भी छात्र द्वारा उल्लंघन करने पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने चौंकाने वाला आंकड़ा साझा करते हुए कहा कि हर 6.5 सेकंड में एक व्यक्ति तंबाकू सेवन के कारण मौत का शिकार होता है, जबकि प्रतिदिन भारत में 2000 से अधिक लोग इस लत की वजह से अपनी जान गंवा देते हैं। उन्होंने सभी को तंबाकू त्याग के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि इसके लिए सरकार द्वारा संचालित टोल फ्री नंबर 1800-11-2350 पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में मुद्रेश कुमार, सरिता मलिक, अजीत कुमार, सुधीर वीर, विक्रम, अनुपमा वर्मा, रमन गंगवार, रविंद्र मिश्रा, अजय गुप्ता, राजीव अग्रवाल, हरि मोहन भारद्वाज, सर्वेश पांडे, जितेंद्र कुमार व केपी सिंह सहित विद्यालय के सभी वरिष्ठ अध्यापक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!