The Voice of Bareilly since 2010

उत्तराखंड स्थापना दिवस रजत जयंती वर्ष समारोह कल संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में

Bareillylive : पर्वतीय समाज (रजिस्टर्ड) बरेली द्वारा उत्तराखंड स्थापना दिवस रजत जयंती वर्ष समारोह 09 नवंबर 2025 को स्थानीय संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में दोपहर 2 बजे से देर रात तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष भी पिछले वर्षों की भांति यह आयोजन पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाएगा।

संस्था के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह दियोलिया ने बताया कि इस समारोह में स्थानीय कलाकारों के साथ ही उत्तराखंड के जाने-माने लोकगायक अजय-दीवान और यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड विजेता अभिनेत्री अंकिता परिहार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। इन दोनों को नागरिक अभिनंदन सम्मान और उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

सचिव डॉ. नरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि वरिष्ठ रंगकर्मी, सिने अभिनेता एवं साहित्यकार अनिल घिल्डियाल को उनके कला एवं साहित्य क्षेत्र में योगदान के लिए साहित्य कला भूषण सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, उत्तराखंड के आंदोलनकारी समाज से जुड़े सम्मानित व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

मीडिया प्रभारी देवेन्द्र रावत ने बताया कि इस बार समारोह की तैयारियों में पूरी टीम जुटी है ताकि कार्यक्रम भव्य और यादगार बन सके। दर्शकों को इस समारोह की हर वर्ष बेसब्री से प्रतीक्षा रहती है।

सांस्कृतिक प्रभारी पूरन सिंह दानू और सोमा परिहार ने बताया कि स्थानीय कलाकारों की टीमें पूरी ऊर्जा और जोश के साथ प्रस्तुतियों की तैयारी में लगी हुई हैं। कार्यक्रम संयोजक एवं तकनीकी निर्देशक अशोक उप्रेती ने कहा कि इस बार आयोजन में LED स्क्रीन और बेहतरीन प्रकाश संयोजन के माध्यम से दर्शकों को मनमोहक अनुभव मिलेगा।

फिल्म अभिनेत्री अंकिता परिहार ने “गढ़ कुमाऊं”, “संस्कार”, “यो कुनो रिश्ता”, “द्वि होला जब साथ” जैसी फिल्मों में अभिनय किया है और उनकी लगभग एक दर्जन फिल्में फ्लोर पर हैं। वहीं अभिनेता अनिल घिल्डियाल ने “लाइफ हिल गई” (Hotstar), “अतिथि सत्कारम” (Hungama Gold), “रफूचक्कर” (Jio Cinema), और यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड 2015 में “दस्तूर” फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर का खिताब हासिल किया है। इसके अलावा उन्होंने दूरदर्शन के लिए “वो सात दिन” और कई कुमाऊनी व हिंदी फिल्मों में भी काम किया है।

लोकगायक दीवान सिंह कनवाल (अल्मोड़ा खत्याड़ी) और अजय ढौंडियाल (देहरादून) भी समारोह में अपनी मधुर गीत प्रस्तुत करेंगे। दीवान सिंह के प्रसिद्ध गीतों में “द्वि दीना का देर शेरूवा”, “मेघा आ”, “बलि वेदना”, “आई गई बहार”, “जय हिंद” तथा एल्बम “ठाठ बाठ”, “सुआ”, “पैलाग”, “हुड़की घमा घम” और “यो डना को पारा” विशेष रूप से लोकप्रिय हैं।

पर्वतीय समाज की ओर से बताया गया कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड की संस्कृति, संगीत और कला को संरक्षित करने तथा युवाओं को प्रेरित करने का विशेष माध्यम है। समारोह के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन होगा।

इस आयोजक समिति ने जनता से आग्रह किया है कि वे 09 नवंबर को संजय गांधी कम्युनिटी हॉल पर समय से पहुंचकर इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का लाभ और आनंद उठाएं। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और यह कार्यक्रम स्थानीय समुदाय के लिए गर्व और उत्साह का विषय होगा।

error: Content is protected !!