Bareillylive : बाल दिवस के अवसर पर मानव सेवा क्लब द्वारा वात्सल्य सेवा संस्थान में विशेष बच्चों के साथ रंगारंग कार्यक्रम और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन चाचा नेहरू की जयंती की स्मृति में किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह से सभी का दिल जीत लिया।कार्यक्रम में कुल 25 बच्चों ने भाग लिया और अपनी कल्पनाशक्ति व रंगों के माध्यम से बाल सुलभ आनंद को अभिव्यक्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में सोनम ने प्रथम, राधिका ने द्वितीय और काव्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आयोजन के दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। बच्चों को कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेश बाबू मिश्रा, क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा, प्रदीप माधवार, मधु वर्मा, अरुणा सिन्हा और प्रकाश चंद्र सक्सेना ने हार पहनाकर, कैप और उपहार देकर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के सांस्कृतिक हिस्से में बच्चों और क्लब सदस्यों ने मिलकर गीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं।
क्लब के सदस्यों ने मधुर गीत गाकर बच्चों का मनोरंजन किया, वहीं बच्चों ने भी मंच पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीतों में प्रतीक शर्मा का गीत सभी को विशेष रूप से पसंद आया, जिसके लिए उसे पुरस्कृत भी किया गया। बच्चों ने दिनभर खूब मस्ती की और उन्हें उनकी मनपसंद चीजें खिलाई गईं।
अंत में चेतना सक्सेना ने सभी उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के साथ यह पहल समाज में समानता और स्नेहका संदेश देती है। कार्यक्रम में क्लब के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सक्सेना, राजेश प्रकाश, इंजीनियर ए. एल. गुप्ता, आशिमा गुप्ता, सुधीर मोहन, बेबी शर्मा, सुनील शर्मा, जितेंद्र सक्सेना, रश्मि सक्सेना, विजय शर्मा, अरुणा, मधु, ए. एस. अग्रवाल, शशि बाला सक्सेना, अखिलेश कुमार, रचना सक्सेना सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।





