The Voice of Bareilly since 2010

चाचा नेहरू की 136वीं जयंती पर ग्यारह बच्चों को साहित्यिक संस्था शब्दांगन ने किया सम्मानित

Bareillylive : साहित्यिक संस्था शब्दांगन द्वारा भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती को उत्साहपूर्वक मनाया गया। बिहारीपुर खत्रियान स्थित शब्दांगन सभागार में आयोजित समारोह में संस्था ने ग्यारह मेधावी बच्चों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। कार्यक्रम के प्रारंभ में नेहरू जी के चित्र पर महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी और सदस्य विशाल शर्मा ने माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

अलका त्रिवेदी ने भारत रत्न और आधुनिक भारत के शिल्पी पं. जवाहरलाल नेहरू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नेहरू जी ने बच्चों को देश का भविष्य माना और उनके लिए अनेक योजनाओं की शुरुआत की। इस अवसर पर बच्चों को अपनी मनपसंद खाने की वस्तुएं व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए और माल्यार्पण भी किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सबसे छोटी बच्ची अंबिका रस्तोगी द्वारा केक काटकर सभी बच्चों का मुंह मीठा कराना रहा, जिससे वातावरण और भी उत्साहित हो उठा।

महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी ने सभी बच्चों को देश में एकता और अखंडता बनाए रखने का महत्व समझाया और उन्हें इसका संकल्प दिलाया। बच्चों ने “चाचा नेहरू जिंदाबाद”, “तुमने देश किया आजाद”, “चाचा नेहरू न्यारे हैं, हम बच्चों को प्यारे हैं” तथा “चाचा नेहरू की जय जय” जैसे देशभक्ति नारे लगाए, जिससे सभा स्थल देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।समाचार के अनुसार इस समारोह में वंश कक्कड़, जयांश, अभिषेक रस्तोगी, शिवांशी पचौरी, कृष्णा रस्तोगी, शौर्य पचौरी, परी गुप्ता, रिया गुप्ता, वैष्णवी रस्तोगी, दिव्या रस्तोगी, अंबिका रस्तोगी सहित ग्यारह बच्चों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का संयोजन अलका त्रिवेदी और नीरू रस्तोगी ने किया। संचालन सदस्य विशाल शर्मा द्वारा किया गया और अंत में सभी का आभार अनूप कक्कड़ ने जताया।

संस्था के महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी ने बताया कि शब्दांगन द्वारा हर वर्ष चयनित उन बच्चों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने पढ़ाई-लिखाई में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की हो। समारोह के माध्यम से बच्चों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें शिक्षा तथा संस्कारों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

error: Content is protected !!