The Voice of Bareilly since 2010

कुटुंब वैवाहिक संगम ने किये जरूरतमंद कन्या को अनेक उपहार भेंट कहा आगे भी करेगा हर मदद

Bareillylive : नाथ नगरी के राजा सेवा समिति के अंतर्गत संचालित कुटुंब वैवाहिक संगम के माध्यम से एक जरूरतमंद कन्या सौ. एकता के विवाह में सहयोग के लिए शहर के कई समाजसेवी आगे आए। सभी ने मिलकर विवाह के अवसर पर कन्या को घरेलू उपयोग की वस्तुएं और उपहार भेंट किए। इस अवसर पर भाजपा नेता और समाजसेवी दक्ष शर्मा ने एक फ्रिज भेंट किया, जबकि अन्य समाजसेवियों ने नकद धनराशि, बर्तन सेट, साड़ियां, क्रॉकरी, घड़ी, मेकअप किट, शेरवानी और अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रदान कीं।

यह सहयोग कार्यक्रम कुटुंब वैवाहिक संगम के अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी के आवास बिहारीपुर खत्रियान पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कन्या के विवाह के लिए शुभकामनाएं दी गईं।कार्यक्रम की अध्यक्षता नाथ नगरी के राजा सेवा समिति के अध्यक्ष विकास मेहरोत्रा ने की। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। अब समिति ने यह निर्णय लिया है कि कुटुंब वैवाहिक संगम में पंजीकृत हर जरूरतमंद कन्या को विवाह के समय आवश्यक वस्तुएं और सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि विवाह बिना किसी आर्थिक बाधा के संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि संस्था लगातार ऐसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज में सहयोग और सद्भाव की भावना को आगे बढ़ा रही है।

कुटुंब वैवाहिक संगम के अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने कन्या सौ. एकता को विवाह की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज की एकता ही सशक्त भारत का आधार है, इसलिए वैवाहिक जीवन में प्रेम और एकता बनाए रखना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। महिला विंग की पदाधिकारी किरन कथूरिया और अलका त्रिवेदी ने उपस्थित होकर सभी सामग्री कन्या एकता को सौंपी और उसके मंगलमय जीवन की शुभेच्छा व्यक्त की।

कार्यक्रम में डॉ. सुरेश रस्तोगी, सुनील रस्तोगी, जितेंद्र कुमार मिश्रा, विनोद गुप्ता, प्रमोद उपाध्याय, नीरू रस्तोगी, अलका त्रिवेदी, आशा शर्मा, पंकज कक्कड़, अनिल शर्मा, आभा गुप्ता, पूजा शर्मा, रंजना कक्कड़, विष्णु भारद्वाज, मीनू रस्तोगी, कंचन रस्तोगी, विनोद कुमार शर्मा और प्रवेश रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!