The Voice of Bareilly since 2010

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने सफलतापूर्वक संभाला निधि आपके निकट 2.0 कैंप

Bareillylive : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय बरेली द्वारा नवंबर 2025 के लिए निर्धारित Nidhi Aapke Nikat 2.0 कार्यक्रम दिनांक 27 नवंबर को जिलेभर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य नियोक्ताओं और सदस्यों को EPFO की विभिन्न योजनाओं और नवाचारों की जानकारी प्रदान कर सामाजिक सुरक्षा कवरेज को बढ़ावा देना था। निर्धारित टीमों ने अपने-अपने स्थानों पर शिविर लगाकर सेवाओं एवं योजनाओं की विस्तारपूर्वक व्याख्या की।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में Employees’ Enrolment Scheme (EEC) 2025 का परिचय था, जो 1 नवंबर 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी। इस योजना के तहत नियोक्ता उन कर्मचारियों को स्वेच्छा से पंजीकृत कर सकते हैं जो 1 जुलाई 2017 से 31 अक्टूबर 2025 के बीच EPF कवरेज से वंचित रह गए। इस योजना में नियोक्ताओं को कर्मचारी हिस्से की राशि माफ मिलती है यदि वेतन से कटौती नहीं हुई हो, और उन्हें केवल नियोक्ता हिस्सा, ब्याज, प्रशासनिक शुल्क तथा नाममात्र ₹100 मुआवजा जमा करना होता है। साथ ही, Section 7A, Para 26B या Para 8 (EPS-95) के अंतर्गत चल रही जाँच वाले प्रतिष्ठान भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

इस अवसर पर नियोक्ताओं को अधिक से अधिक कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।शिविरों में नए Labour Codes 2025 के बारे में भी संक्षिप्त जानकारी दी गई, जिनमें भारत के 29 पुराने श्रम कानूनों को सरलीकृत करते हुए चार श्रम संहिताओं—Code on Wages, Industrial Relations Code, Occupational Safety, Health and Working Conditions Code और Social Security Code—का सृजन किया गया है। इन नए कोड्स के तहत वेतन की समान परिभाषा, समय पर भुगतान, ओवरटाइम व कार्य समय के नियम, डिजिटल पंजीकरण और अनुपालन प्रक्रियाएँ, तथा कर्मचारी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों को और मजबूत किया गया है। इसके साथ ही असंगठित क्षेत्र, गिग वर्कर्स और फिक्स्ड-टर्म कर्मचारियों को भी इन प्रावधानों में शामिल किया गया है। इससे उद्योगों के लिए अनुपालन आसान और पारदर्शी होगा तथा कर्मचारियों को बेहतर सुरक्षा प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) की भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस योजना के तहत नियोक्ता नए रोजगार सृजन को बढ़ावा दे सकते हैं, जहां सरकार नए कर्मचारियों के लिए नियोक्ता के अंशदान का हिस्सा वहन करती है। इसका उद्देश्य पहली बार नौकरी पाने वालों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना और औपचारिक रोजगार को बढ़ावा देना है। कर्मचारियों की आयु, वेतन सीमा और EPF में पहली बार पंजीकरण की शर्तों के बारे में नियोक्ताओं को जागरूक किया गया ताकि वे योजना का पूरा लाभ उठा सकें।जनपद शाहजहाँपुर में आयोजित शिविर का निरीक्षण क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के क्षेत्रीय आयुक्त श्री आशिष कुमार ने किया। उन्होंने व्यवस्थाओं, शिकायत निस्तारण और डिजिटल सेवाओं के उपयोग की सराहना की।

इसी प्रकार, क्षेत्रीय कार्यालय बरेली के क्षेत्रीय आयुक्त ने मेरठ के हापुड़ जिले में कैंप का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।कैंपों में EPF/EPS से संबंधित शिकायत निस्तारण, UAN/KYC अपडेट, क्लेम, नामांकन सहायता, नए प्रतिष्ठानों के लिए मार्गदर्शन, लंबित PPO/DLC मामलों में सहायता, तथा EPFO की डिजिटल सेवाओं जैसे UMANG, Member Portal और Establishment Portal की जानकारी भी तत्काल उपलब्ध कराई गई।Nidhi Aapke Nikat 2.0 कार्यक्रम के माध्यम से EPFO ने जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया है। क्षेत्रीय कार्यालय बरेली भविष्य में भी ऐसी जन-कल्याणकारी पहल करके जागरूकता और अनुपालन को मजबूत करता रहेगा।

error: Content is protected !!