The Voice of Bareilly since 2010

कांग्रेस कमेटी ने एसआईआर अभियान की अंतिम तिथि बढ़ाने और मृतक बीएलओ के लिए न्याय की मांग की

Bareillylive : जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला उपाध्यक्ष मुजम्मिल राजा एडवोकेट की ओर से एक ज्ञापन प्रस्तुत किया जिसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की 4 दिसंबर 2025 की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की गई। साथ ही भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र के परधौली गांव के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक एवं बीएलओ सर्वेश कुमार गंगवार की हार्ट अटैक से मृत्यू पर उनके परिवार को एक करोड़ रुपये आर्थिक सहायता और परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की भी मांग की गई।

ज्ञापन के पूर्व कांग्रेस कार्यालय रामपुर गार्डन धन्वंतरी तोमर चौराहा पर अपने संबोधन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि सत्ता पक्ष को छोड़कर सभी विपक्षी दल इस बात पर एकमत हैं कि एसआईआर कार्य के लिए जो कम समय दिया गया है वह बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लगे सुपरवाइजर और बीएलओ अत्यधिक दबाव में हैं, जिससे उनके लिए कार्य पूरा करना मुश्किल हो गया है। साथ ही उन्होंने बीएलओ सर्वेश कुमार गंगवार की हार्ट अटैक से हुई मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ है और यदि उनके परिवार को कोई परेशानी होती है तो कांग्रेस उनकी पूरी मदद करेगी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. के.बी. त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश भर से लगातार यह संदेश आ रहा है कि एसआईआर के अभियान में जल्दबाजी और कम समय के कारण सुपरवाइजर व बीएलओ पर अत्यधिक मानसिक दबाव है। इसी दबाव के कारण बीएलओ की मौतें और आत्महत्या की घटनाएँ हो रही हैं। उन्होंने बताया कि बीएलओ सर्वेश कुमार गंगवार के दो छोटे बच्चे हैं और उनकी पत्नी पहले ही स्वर्गीय हैं, जिससे वे इस कार्य के दबाव में भारी तनाव में थे।

डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि 4 दिसंबर की अंतिम तिथि को कम से कम दो महीने के लिए बढ़ाना आवश्यक है ताकि कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके। उन्होंने सरकार से चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर बीएलओ सर्वेश कुमार गंगवार के बच्चों को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी न दी गई, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और आमरण अनशन करेगी।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने कहा कि एसआईआर के लिए एक माह की अवधि अत्यंत कम है। खासकर 2003 की मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी फार्म भरने में मतदाताओं को काफी परेशानी हो रही है क्योंकि लोगों के नाम, नंबर और स्थान अब बदल चुके हैं। इस कारण बड़ी संख्या में मतदाता सही विवरण नहीं दे पा रहे हैं। इसलिए इस अभियान की अवधि बढ़ाना आवश्यक है।

प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह से सरकार एसआईआर का काम जल्दबाजी में करवाना चाहती है वह बेहद गलत है। प्रदेश में करोडों मतदाता हैं, जिससे यह कार्य छह महीने तक चल सकता है। उन्होंने कहा कि हर कार्य के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए।

ज्ञापन प्रस्तुत कार्यक्रम में पूर्व शहर विधानसभा प्रत्याशी कृष्णकांत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष जिया उर रहमान, समन्वयक बीएलए डॉ. हरीश गंगवार, इकबाल रजा, रमेश चंद श्रीवास्तव, तबरेज खान, जोया खान, मोबिन अंसारी, सुरेश दिवाकर, अकरम खान, मुकेश वाल्मीकि, तीर्थ मधुकर, कमरुद्दीन हैबी, तसलीम रजा, डॉ. सरताज हुसैन, मोबिन कुरेशी, विनोद कुमार सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित थे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह मृतक बीएलओ के परिवार के न्याय और एसआईआर कार्य के लिए समय सीमा बढ़ाने की मांग पर पूरा आंदोलन करेंगे ताकि कार्य सही ढंग से और बिना किसी दबाव के संपन्न हो सके।

error: Content is protected !!