Bareillylive : मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में बुधवार को महानगर कालोनी के एक सभागार में देश के प्रथम राष्ट्रपति एवं आदर्श पुरुष राजेन्द्र प्रसाद की 142 वीं जयंती पर विचार गोष्ठी और सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राजेन्द्र बाबू के जीवन आदर्शों, सादगी और विलक्षण प्रतिभा पर विस्तार से चर्चा हुई। विचार गोष्ठी की अध्यक्षता लाल बहादुर शास्त्री इंस्टीट्यूट के पूर्व निदेशक एवं शिक्षाविद प्रो. राजेन्द्र भारती ने की।
प्रो. राजेन्द्र भारती ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि राजेन्द्र बाबू विलक्षण प्रतिभा के धनी थे, जिनकी सादगी, आदर्शों और असाधारण क्षमताओं से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।उन्होंने राजेन्द्र प्रसाद से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण संस्मरण साझा करते हुए क्लब को हर वर्ष उनकी स्मृति में प्रतिभाशाली बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले बरेली कालेज के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार शर्मा को 20वां राजेन्द्र प्रसाद स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। प्रो. शर्मा ने कहा कि भारत में राजेन्द्र प्रसाद जैसा महापुरुष कभी पैदा नहीं हुआ और न भविष्य में होगा।
सम्मान समारोह में प्रो. राजेन्द्र भारती, क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्येंद्र सक्सेना और उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सक्सेना ने प्रो. शर्मा को हार, शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह का शुभारंभ शोभा सक्सेना द्वारा प्रस्तुत माँ शारदे की वंदना से हुआ। प्रमुख रूप से प्रकाश चंद्र सक्सेना, मधु वर्मा, अरुणा सिन्हा, अनिल गुप्ता, अजय चौहान, मंजू गुप्ता, कमल भारती, डॉ. प्रमिला शर्मा, वीरेश सक्सेना, शकुन सक्सेना एवं भावना गुप्ता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
अंत में क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजेन्द्र बाबू के आदर्शों, सिद्धांतों और सादगी को जीवन में थोड़ा भी आत्मसात कर लिया जाए तो उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह आयोजन बरेली में राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बना, जहां अन्य स्थानों पर भी समान कार्यक्रम हुए।





