Bareillylive : नाथनगरी सुरक्षा समूह ने 500 वर्ष की तपस्या एवं त्याग के बाद अयोध्या नगरी में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ पर शहीद चौक, डीडी पुरम चौराहे पर धार्मिक उत्सव का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में रामचरितमानस के सुंदरकांड पाठ, राम भजन, हवन एवं पूजन हुआ। समापन पर भक्तों ने पुष्प वर्षा कर नृत्य करते हुए आपस में शुभकामनाएं दीं।
महानगर अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता ने बताया कि समूह के समस्त कार्यकर्ताओं ने बरेली नाथ नगरी की उभरती भजन गायिका शिप्रा पाठक मधुर बाड़ी के संगीत निर्देशन में सुंदरकांड का भावपूर्ण पाठ किया। इसके बाद प्रभु श्रीराम के भजनों ने श्रोताओं का मन मोह लिया। श्री गुप्ता ने कहा, “आज पूरा बरेली महानगर राम जी की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ की खुशी में प्रसन्न मुद्रा में है।”कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, केपी गोस्वामी, राकेश भारती, नितेश वर्मा, मनीष पाठक, डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. विनोद पगरानी, ज्ञानेंद्र गुप्ता, अमित अग्रवाल, मयंक शर्मा, मनीष चंडोक, संजीव साहनी एवं सम्मान यथार्थ आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे। सभी ने अयोध्या के भव्य मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा को सनातन धर्म की ऐतिहासिक विजय बताया।
यह आयोजन भक्ति, संस्कृति एवं सामाजिक एकता का प्रतीक बना। नाथनगरी सुरक्षा समूह ने इस मौके पर राम भक्ति को बढ़ावा देने तथा सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। भक्तों ने हवन में आहुति देकर देश की समृद्धि और राम राज्य की कामना की। कार्यक्रम ने बरेलीवासियों में राम भक्ति की लहर पैदा कर दी। समूह ने भविष्य में ऐसी धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को नियमित आयोजित करने की योजना बनाई है। यह वर्षगांठ न केवल धार्मिक महत्व की है, बल्कि राष्ट्रीय एकता का भी प्रतीक है। उपस्थितजनों ने आयोजकों को धन्यवाद देते हुए प्रभु राम की जयकारा लगाए।






Leave a Reply