प्रयागराज। संगम तट पर चल रहे माघ मेले 2026 में साधु-संतों की भीड़ के बीच एक अनोखी शख्सियत सुर्खियों में है। कानपुर निवासी मनोज आनंद महाराज, जिन्हें ‘गूगल गोल्डन बाबा’ के नाम से जाना जाता है, अपने शरीर पर करीब 5 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पहनकर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पिछले 20 वर्षों से इसी भव्य स्वरूप में घूमने वाले बाबा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बाबा के गहनों की बात करें तो उनकी उंगलियां सोने की अंगूठियों से मढ़ी हुई हैं, कान सोने से ढके, कलाइयों में सोने के मोटे कड़े, गले में सोने की जंजीरें और सोने से जड़े रुद्राक्ष की मालाएं। इसके अलावा कई सोने के शंख भी धारण किए हुए हैं। सिर पर चांदी का मुकुट है, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लगी हुई है। हाथों में सोने के झूले में लड्डू गोपाल की मूर्ति हमेशा साथ रहती है। बाबा चांदी के बर्तनों में भोजन करते हैं और काफी चांदी के आभूषण भी पहनते हैं।
गूगल गोल्डन बाबा का नाम इसलिए पड़ा क्योंकि गूगल पर सर्च करने पर वे सबसे ऊपर आते हैं। वे करौली वाले बाबा के भक्त हैं और खुद को क्षत्रिय बताते हैं। इतना सोना पहनने पर सुरक्षा का सवाल पूछे जाने पर बाबा कहते हैं, “प्रभु पर पूरा विश्वास है, बाल भी बांका नहीं हो सकता।”
सबसे खास है बाबा का संकल्प। उन्होंने 5 लाख रुपये की चांदी की खड़ाऊं त्याग दी हैं और नंगे पैर चल रहे हैं। कारण? “जब तक योगी आदित्यनाथ जी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन जाते, तब तक जूता-चप्पल नहीं पहनूंगा।” यह संकल्प उन्होंने कुछ वर्ष पहले लिया था।
माघ मेले में बाबा का शिविर भक्तों और सेल्फी लेने वालों से भरा रहता है। सादगी के प्रतीक माने जाने वाले संत समाज में उनका यह भव्य अंदाज चर्चा का विषय बना हुआ है। भक्तों के लिए यह आस्था और भक्ति का अनोखा संगम है, जबकि सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल होकर लाखों लोगों तक पहुंच रहा है।
माघ मेला में सतुआ बाबा की लग्जरी कारों के बाद अब गूगल गोल्डन बाबा अपने सोने-चांदी के ठाठ से सुर्खियां बटोर रहे हैं। आस्था की इस धरती पर वैराग्य और वैभव का यह मिलन हर किसी को चौंका रहा है।









Leave a Reply