The Voice of Bareilly since 2010

आमल एकादशी पर हुआ श्याम फाग महोत्सव, निशान यात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब

Bareillylive : फाल्गुन शुक्ल पक्ष की आमल एकादशी पर शुक्रवार 27 फरवरी 2026 को श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में बाबा श्याम का फागु महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे मंदिर को कलकत्ता और बैंगलोर से मंगाए गए फूलों से सजाया गया। बाबा श्याम का दिव्य श्रृंगार देखने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचे।

फूलों से सजा दरबार

सुबह बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि आमल एकादशी को श्याम भक्त बाबा श्याम का फागु महोत्सव के रूप में मनाते हैं। इस अवसर पर बाबा श्याम का श्रृंगार सेवा कुलदीप गुप्ता परिवार की ओर से की गई। महंत सुशील पाठक ने बताया कि आज निसान लेकर चलने वाले हर भक्त की मनोकामना पूरी होती है।

निसान यात्रा में हुआ भव्य स्वागत

निसान यात्रा की शुरुआत मंदिर परिसर से हुई जो विकास भवन होते हुए रामपुर बाग पहुंची, जहां नर्सिंग मोदी ने श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। यात्रा आगे जैन मंदिर और काली मंदिर पहुंची, जहां गौरव राजपूत ने स्वागत किया। ऐरन स्टोर पर उमाशंकर ऐरन ने सभी भक्तों को जलपान और चाय पिलाकर स्वागत किया। यात्रा के दौरान भक्त “श्याम तेरी बंसी पुकारे” जैसे भजनों पर झूमते नजर आए।

भक्तिरस में डूबा पूरा पंडाल

शाम को आयोजित भजन संध्या में भजन गायक अभिराज सिंह, मोहन दीवाना और प्रसिद्ध कलाकार सोनल चंचल ने अपने सुरों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिला भजन गायिकाओं में नीलम सक्सेना और अक्षिता बाजपेयी ने भी अपनी मधुर आवाज से सभी का मन मोह लिया। गुरु गणेश व सरस्वती वंदना के साथ बाबा श्याम का गुणगान शुरू हुआ तो हर कोई झूमने पर मजबूर हो गया।

संगीत ने बढ़ाया रंग

भक्ति और संगीत का संगम तब देखने को मिला जब आरगन पर विशाल मौर्य, ढोलक पर सचिन और पैड पर अंकुर कश्यप ने ताल मिलाई। साउंड सेवा आयुश कश्यप द्वारा की गई। पूरे कार्यक्रम में ताल, सुर और श्रद्धा का अद्भुत समन्वय दिखाई दिया।

प्रसाद और सेवा आयोजन

भजन संध्या के बाद खीर और फलों का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद सेवा अंकुर गुप्ता परिवार की ओर से की गई। बाबा श्याम के रंगोत्सव पर नई पोशाक का दान बिनोद कुमार सिंह द्वारा किया गया।

बाबा श्याम की कृपा अपार

महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि बाबा श्याम के दरबार में हर भक्त की मनोकामना पूरी होती है। किसी को संतान सुख मिला, किसी को असाध्य रोग से मुक्ति, तो किसी के व्यापार में उन्नति हुई। इसी आस्था के कारण देश के कोने-कोने से भक्त यहां पहुंचते हैं।

सैकड़ों श्रद्धालु रहे मौजूद

इस अवसर पर पार्षद राजेश अग्रवाल संजय आयलानी, अशोक सक्सेना, अंकुर अग्रवाल राजेश कुमार, सविता और कुलदीप गुप्ता, गौरव अरोरा, सत्यबती पाठक, दीक्षा पाठक, श्रद्धा, माही, ममता, मीनू-राजेन्द्र भसीन, अंकुर गुप्ता, जगमोहन, अंकुर कक्कड़, अंकुश अग्रवाल, भगवानदास, अभिषेक शर्मा, डॉली सक्सेना, रामबहादुर प्रजापति, इन्द्रेश, अभिषेक, आदित्य और राजकुमार समेत सैकड़ों गणमान्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!