The Voice of Bareilly since 2010

श्रीहरि मंदिर में हुआ भव्य फाग महोत्सव, भक्तों ने ठाकुर जी संग खेली फूलों की होली

Bareillylive: मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में आज भक्तों ने श्री ठाकुर जी के साथ फूलों की होली खेलकर फाग महोत्सव की भव्य शुरुआत की। मंदिर प्रांगण फूलों की वर्षा से सजा नजर आया, जहां भक्तों ने झूम-झूमकर होली का आनंद लिया। मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि कार्यक्रम सायकल में श्री हरि संकीर्तन मंडल द्वारा गणेश वंदना से प्रारंभ हुआ। भजनों के माध्यम से भक्तों ने श्री युगल जोड़ी सरकार के चरणों में हाजिरी लगाई। मंदिर अध्यक्ष सुशील अरोड़ा ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया।

प्रसिद्ध भजनकारों ने मधुर भजनों से माहौल बांध दिया। रवि छाबड़ा ने “मैं तो खेलूंगी होली आज राधा तेरे अंगन में” गाकर भक्तों को नाचने पर मजबूर कर दिया। संजय आनंद ने “ओ सावरे रंग ऐसा ना छेड़ो मेरे दीवाने को” प्रस्तुत किया। जतिन दुआ का “ए खेले होली फाग कृष्ण कन्हाई” और पंकज यादव का “तूने अजब रचाया भगवान महीना होली का” ने वातावरण को वृंदावन सा बना दिया। सचिन सेठी ने “किसने उड़ाया गुलाल की सारी नगरी लाल हुई” तथा सौरभ ने “बरसे रंग गुलाल श्यामा तेरी होली में” गाए। इन भजनों पर भक्त नाचते-झूमते दिखे।

राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। पूरा प्रांगण राधा मय प्रतीत हो रहा था, मानो भक्त वृंदावन में श्री ठाकुर जी संग होली खेल रहे हों। महिला मंडल अध्यक्ष रेनू छाबड़ा अपनी सदस्याओं संग उपस्थित रहीं और सखियों के साथ फूलों की होली खेली। मंदिर सचिव ने बताया कि फाग महोत्सव का द्वितीय दिवस 3 मार्च को प्रसिद्ध भजन प्रवाहक भाई शिवम शर्मा के साथ भजन संध्या होगी। 4 मार्च को प्रातः 9 बजे श्री बुआ दाती संकीर्तन मंडल के साथ होली महोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर परंपरा के अनुसार रंग-गुलाल की बजाय केवल फूलों से होली खेली जाती है।

समापन पर श्री युगल जोड़ी सरकार की शयन आरती हुई और भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। सेवा में मुख्य रूप से सुशील अरोड़ा, रवि छाबड़ा, अश्वनी ओबेरॉय, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, रंजन कुमार, अनिल चड्ढा, अतुल कपूर, राजेश अरोरा एवं युवा मंडल सदस्य उपस्थित रहे। यह आयोजन भक्तों के बीच उत्साह और भक्ति का संदेश लेकर समाप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!