The Voice of Bareilly since 2010

श्री सर्वेशानंद गौशाला भोजीपुरा में गोपाष्टमी पर्व पर गौ पूजन और भंडारा संपन्न

Bareillylive : भोजीपुरा स्थित श्री सर्वेशानंद गौशाला में बुधवार को गोपाष्टमी के पावन पर्व पर विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा प्रकोष्ठ की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गौमाता के पूजन-अर्चन से हुई, जिसमें गौशाला के सचिव जय प्रकाश देवनानी, प्रदेश मंत्री गौरक्षा प्रकोष्ठ तथा मुख्य अतिथि नीरज एस. सैनी, प्रदेश महामंत्री गौरक्षा प्रकोष्ठ, ने संयुक्त रूप से विधिवत आरती कर पूजा संपन्न की।

गौ भक्तों ने श्रद्धा भाव से गौमाता की आरती उतारी और उन्हें विशेष भोज का भोग लगाया। भंडारे के लिए 40 किलो दलिया, 10 किलो गुड़, काजू-बादाम और अन्य मेवों से बनी खीर का प्रसाद तैयार किया गया, जिसे सभी गौवंश ने बड़े आनंद से ग्रहण किया। इस अवसर पर वातावरण भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव जय प्रकाश देवनानी ने उपस्थित गौ प्रेमियों से कहा कि वे गौ आधारित जैविक खेती को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने गौ उत्पादों के सदुपयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि नीरज सैनी ने कहा कि गौमाता न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक हैं, बल्कि देश की समृद्धि और प्रकृति आधारित कृषि व्यवस्था की आधारशिला भी हैं। उन्होंने पंचगव्य और गौमूत्र से बनने वाले औषधीय उत्पादों के स्वास्थ्य लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा गोबर से बनने वाले जैविक उत्पादों की उपयोगिता बताई। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री मनीष शुक्ला, जिला अध्यक्ष मनोज दास, जिला उपाध्यक्ष शशांक शुक्ला, मोहित अग्रवाल सहित अनेक गौ प्रेमी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!