The Voice of Bareilly since 2010

श्यामगंज मंदिर में बाबा नीम करोली की प्राण प्रतिष्ठा, श्रद्धा और भक्ति का भव्य उत्सव

Bareillylive : शहर में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला जब श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में बाबा नीम करोली की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न हुई। सुबह आठ बजे शुरू हुए इस पवित्र आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुों ने भाग लिया और पूरे परिसर में ‘जय नीम करोली बाबा’ के जयघोष गूंजते रहे।

मंदिर को इस अवसर पर भव्य रूप से सजाया गया। कलकत्ता और बैंगलोर से मंगाए गए फूलों से बाबा श्याम का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जबकि मंदिर की दीवारें पुष्प सज्जा और विद्युत रोशनी से जगमगा उठीं। पूरे परिसर में भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चारण और वैदिक संगीत की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बन गया।

प्राण प्रतिष्ठा संस्कार का विधिवत आयोजन सांग्वेद संस्कृत महाविद्यालय के आचार्य महेश चंद्र शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्रारंभ हुआ। मुख्य यजमान के रूप में विवेक पटेल ने अपने परिवार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि मंदिर समिति ने भक्तों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की थीं ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें।

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में फर्रुखाबाद स्थित नीम करोली मंदिर के महंत त्यागी जी शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा नीम करोली का जीवन सेवा, प्रेम और परोपकार की भावना से ओत-प्रोत रहा है। उन्होंने उपस्थित भक्तों को बाबा की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धा और विश्वास से बाबा का नाम लेता है, उसके जीवन से सभी संकट दूर हो जाते हैं।

महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि बाबा नीम करोली की प्राण प्रतिष्ठा से मंदिर में भक्ति और ऊर्जा का नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। इससे पहले साईं बाबा और खाटूश्याम की मूर्तियों की स्थापना हो चुकी थी, अब बाबा नीम करोली के आगमन से मंदिर का महत्व और बढ़ गया है। इस अवसर पर बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, पार्षद उमेश कटेरिया, राजेश अग्रवाल, अमरीश कटेरिया, संजय आयलनी, डॉ. ए.सी. त्रिपाठी, अनुपम टीबडेवाल, आनंद लखटकिया, रिटायर्ड बीएसए रमेश चंद्र वर्मा, रघुवर दयाल बड्डे, मुकेश पटेल, लोकेश, विपिन कश्यप, सत्यवती पाठक, अभिषेक शर्मा, विनीत कुमार शर्मा, श्रद्धा पाठक, माही पाठक और भगवानदास इंद्रेश सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

भक्ति से ओत-प्रोत श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर बाबा नीम करोली का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर प्रांगण में पूरे दिन भजन, आरती और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलता रहा। कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। बाबा नीम करोली के प्रति बरेली में श्रद्धा निरंतर बढ़ रही है और मंदिर में हर मंगलवार और शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। बुधवार को संपन्न यह प्राण प्रतिष्ठा समारोह इस भक्ति परंपरा की एक नई शुरुआत बन गया, जिसने पूरे शहर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

error: Content is protected !!