The Voice of Bareilly since 2010

अगस्त्य मुनिजी के 179वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ 31 अगस्त से, 05 सितंबर को भव्य शोभायात्रा

Bareillylive : ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था के केंद्र श्री अगस्त्य मुनि आश्रम, छोटी बमनपुरी में इस वर्ष 179वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव से आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 31 अगस्त से 06 सितंबर तक चलेगा। विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भक्तजन न केवल संत परंपरा से रूबरू होंगे, बल्कि भक्ति, भजन और प्रभु संकीर्तन में सराबोर होंगे।

आश्रम सभा के अध्यक्ष पंडित दीपक शर्मा ने बताया कि 31 अगस्त को सुबह 10 बजे श्री अगस्त्य मुनि जी के पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद प्रतिदिन अलग-अलग भक्ति आयोजन होंगे।

  • 01 सितंबर को इस्कॉन मंदिर की भजन मंडली भव्य भजन संध्या प्रस्तुत करेगी।
  • 02 सितंबर को भागवत कथा मर्मज्ञ पंडित रितेश प्रतिहस्त ‘बंटी महाराज’ द्वारा श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा।
  • 03 सितंबर को वही मर्मज्ञ श्री अगस्त्य मुनि जी के जीवन चरित्र पर प्रवचन देंगे और संकीर्तन से वातावरण को भक्ति से भर देंगे।
  • 04 सितंबर को पंडित विनोद जी द्वारा शिव प्रदोष पूजन सम्पन्न कराया जाएगा।

सभी सांध्यकालीन कार्यक्रम संध्या 6 बजे से रात 9 बजे तक सम्पन्न होंगे।

भव्य शोभायात्रा बनेगी मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम की सबसे बड़ी झलक 05 सितंबर को देखने को मिलेगी। दोपहर 3 बजे से श्री अगस्त्य मुनि आश्रम छोटी बमनपुरी से भव्य शोभा यात्रा का शुभारंभ होगा, जो गढ़ैया, नीम की चढ़ाई (बड़ा बाज़ार), सीताराम कूँचा, बड़ी बमन पुरी, मलूकपुर पुलिस चौकी चौराहा होते हुए वापस आश्रम पर आकर संपन्न होगी। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और झांकियों के सज्जा से यह शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

समापन समारोह और बैठक

वार्षिकोत्सव का समापन 06 सितंबर को शाम 7 बजे भव्य समापन समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर सामूहिक संकीर्तन और प्रसाद वितरण होगा।

वार्षिकोत्सव की घोषणा आश्रम भवन में आयोजित बैठक के दौरान की गई, जिसमें पदाधिकारियों की नियुक्ति भी सर्वसम्मति से की गई। इस अवसर पर महामंत्री गौरव रस्तोगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवीन शर्मा, उपाध्यक्ष विनोद पंडित, सरदार सतदीप सिंह विक्की, मोहित पाठक, सर्वेश रस्तोगी ‘सप्पू’, इंजीनियर देश दीपक शास्त्री, नीरज गुप्ता और कोषाध्यक्ष सुनील पाठक ‘सोनू’ मौजूद रहे।

बैठक में सचिवमंडल के दिव्यांश पाठक, शेखर रस्तोगी, अनमोल रस्तोगी, ऋषभ रस्तोगी, देवेश शर्मा, विक्रम रस्तोगी, गौरव सक्सेना और धीरज दीक्षित की उपस्थिति भी रही। वहीं, पूर्व अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी, पंकज मिश्रा और अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

आयोजन समिति का दावा है कि इस वार्षिकोत्सव में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और पूरा आश्रम परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठेगा।

error: Content is protected !!