The Voice of Bareilly since 2010

बरेली निवेश कुंभ में 18,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त, हस्तशिल्प उत्पादों का बढ़ेगा वर्चस्व

BareillyLive : यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का आज 10 फरवरी शुक्रवार को प्रदेश स्तरीय समारोह राजधानी लखनऊ में पीएम मोदी ने उद्घाटन किया। इसी के अनुक्रम में शुक्रवार को आईएमए हाल, बरेली में भी एक दिवसीय जनपद स्तरीय निवेश कुंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आगाज मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार, जिलाधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, एडीजी पीसी मीणा, आईजी राकेश सिंह, एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा व डॉ. डीसी वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान डीएम ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए जनपद स्तरीय निवेश कुंभ का आयोजन किया गया है। इससे जिले के हस्तशिल्प उत्पादों को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब तक 18 हजार करोड़ रुपए के इंटेंट (निवेश के इच्छुक प्रस्ताव (इंटेंट ऑफ इंवेस्टमेंट)) हमारे यहां फाइल हो चुके है। और जल्दी ही ये निवेश प्रस्ताव धरातल पर दिखाई देंगें। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना व प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत भी निवेश का प्रस्ताव है। कमिश्नर ने कहा कि जनपदीय स्तरीय निवेश कुंभ के आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनपद में तेजी से औद्योगिक विकास की संभावनाओं को तलाशने के साथ वर्तमान सरकार व शासन द्वारा औद्योगिक विकास के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार सृजित करना है। आईएमए सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम तमाम निवेशक उपस्थित रहे। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने निवेशकों की समस्या को सुनकर उनका निदान कराने का आश्वासन भी दिया।

error: Content is protected !!