The Voice of Bareilly since 2010

अखिलेश के 48वें जन्मदिन पर 48 किलो का केक काटा, 75 साइकिलें बांटीं, हुआ भंडारा

फरीदपुर (बरेली)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 48वें जन्मदिन पर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 48 किलो का केक काटा। भंडारा आयोजित किया और कन्याओं को 75 साइकिलें वितरित कर नगर से लेकर देहात तक धूमधाम से जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष आगम मौर्य सहित पूर्व मंत्री व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सपा नेता हरीश सागर लाखा ने 75 कन्याओं को साइकिल वितरण का कार्यक्रम का आयोजन किया और केक काटकर जलपान कराया। राजेश कश्यप ने अखिलेश के 48वें जन्मदिन पर 48 किलो का केक काटकर भंडारा आयोजित किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्य करना समाजवादी कार्यकर्ताओं की आदत है।

इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष अगम मौर्य ने कहा कि प्रदेश का विकास करने के लिए सपा की सरकार बनवानी होगी। ऐसा होने पर ही कि पूर्व में चलाई गईं विभिन्न योजनाएं जैसे लैपटॉप वितरण, साइकिल वितरण, बेरोजगारी भत्ता आदि योजनाएं पुनः चालू हो सकेंगी।

इस मौके पर पूर्व विधायक शहजिल इस्लाम, शुभलेश यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रबि बाबू, सचिन राघव, आदेश यादव, सतेन्द्र यादव, महिला सभा की जिलाध्यक्ष भारती चौहान, पूर्व मंत्री अताउर्रहमान, अजीत यादव आदि ने केक काटकर अखिलेश यादव की लंबी उम्र की कामना की।

गौरतलब है कि पिछले कई दशकों से पूर्व विधायक डॉ सियाराम सागर फरीदपुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते आ रहे थे। उनके निधन के बाद यहां कई सपा नेताओं ने टिकट की उम्मीद में अपना दमखम दिखाना शुरू कर दिया है। चुनाव टिकट को लेकर सपा में अंदरूनी घमासान छिड़ा हुआ है। जन्मदिन आयोजन के बहाने एक बार फिर अपनी-अपनी दावेदारी पेश की गई।

error: Content is protected !!