The Voice of Bareilly since 2010

हरि मंदिर में 65वां वार्षिक महोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी–श्री राधाष्टमी उत्सव शनिवार से

Bareillylive : श्री हरि मंदिर, मॉडल टाउन, बरेली में श्री हरि मंदिर का 65वां वार्षिक महोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तथा श्री राधाष्टमी महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है इसी के संदर्भ में जानकारी देने को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गयी।

प्रेस वार्ता में श्री हरि मंदिर प्रबंध समिति के सचिव रवि छाबड़ा ने विस्तारपूर्वक कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा बताया कि यह आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव 16 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक अत्यंत धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

श्री छाबड़ा के अनुसार, 16 अगस्त 2025 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री ठाकुर जी का दिव्य श्रृंगार, विद्युत सज्जा एवं पुष्प बंगले का विशेष आकर्षण रहेगा। रात्रि 8:00 बजे से भजन संध्या आरंभ होगी, तत्पश्चात बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्रीकृष्ण प्राकट्य महोत्सव एवं बधाई महोत्सव आयोजित होंगे। रात्रि 12 बजे मध्यरात्रि जन्म आरती एवं प्रसाद वितरण होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की अपेक्षा है।

17 अगस्त को रात्रि 8:00 बजे से श्री हरि नाम संकीर्तन रसधारा का आयोजन श्री वैष्णो देवी बुआ दाती संकीर्तन मंडल के सहयोग से होगा।

18 अगस्त को शाम 5:00 बजे भव्य मांगलिक कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पूरे मॉडल टाउन क्षेत्र की परिक्रमा करेगी। इसके उपरांत पठानकोट से पधारे पूज्य श्री अतुल कृष्ण शास्त्री जी के पावन श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ होगा, जो 24 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक चलेगी।

25 अगस्त को रात्रि 8:00 बजे परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी विवेकानंद जी महाराज, हरिद्वार द्वारा दिव्य दर्शन एवं आशीर्वाद वचन प्रदान किए जाएंगे।

इसके बाद प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे भजन संध्याएं आयोजित की जाएंगी:

  • 26 अगस्तभजन सम्राट श्री महावीर शर्मा जी (दिल्ली)
  • 27 अगस्त: पूज्य श्री पारस लाडला (वृंदावन धाम)
  • 28 अगस्त: श्री माधवी शर्मा (वृंदावन धाम)
  • 29 अगस्त: गुरुदेव श्री नंद किशोर शर्मा ‘नंदू भैया जी’
  • 30 अगस्त: श्री कुमार गिरिराज जी (जयपुर)

31 अगस्त 2025 को श्री राधाष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। प्रातः 9:00 से 10:30 बजे तक कथा व्यास पंडित श्री रामदेव शास्त्री जी महाराज के श्रीमुख से श्री राधा नाम महिमा कथा का श्रवण होगा। तत्पश्चात 10:30 से 12:30 बजे तक अनमोल वचन एवं शुभ आशीष परम पूज्य श्री श्री 108 श्रीकांता देवी जी महाराज, परम अध्यक्ष प्रेम मंदिर (पानीपत) द्वारा प्रदान किए जाएंगे।

दोपहर 12:30 बजे से रस बरसाना श्री हरि नाम संकीर्तन रसधारा धार्मिक सेवा समिति के साथ गूंजेगी — “बरसाने मच गई धूम, प्रगट हुई राधा रानी”
इसके पश्चात 12:40 बजे से प्राकट्य महोत्सव, बधाई महोत्सव  एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें नगर के सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रण है।

अंत में सचिव रवि छाबड़ा ने सभी भक्तजनों से आग्रह किया कि वे परिवार सहित इस भक्ति-उत्सव में पधारकर पुण्य लाभ प्राप्त करें। प्रेस वार्ता में श्री हरि मंदिर के अध्यक्ष सुशील कुमार अरोड़ा, उपाध्यक्ष अश्विनी ओबेरॉयसंजय आनंदगोविंद तनेजा, महिला मंडल अध्यक्ष रेनू छाबड़ानीलम साहनी सहित प्रबंध समिति के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


error: Content is protected !!