बरेली @BareillyLive: क्रिसमस (Christmas) 2025 के त्योहार से ठीक एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के बरेली में सेंट अल्फोंसस कैथेड्रल चर्च के बाहर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चर्च के मुख्य गेट पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया, ‘जय श्री राम’ और ‘हर हर महादेव’ के नारे लगाए तथा नारेबाजी की।
बजरंग दल का आरोप है कि 23 दिसंबर को चर्च कैंपस में आयोजित क्रिसमस महोत्सव के दौरान विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटिकाओं और ऑडियो-वीडियो कार्यक्रमों में हिंदू धर्म, मंदिरों और हिंदू समाज को आपत्तिजनक एवं गलत तरीके से दर्शाया गया। संगठन ने दावा किया कि इन नाटिकाओं में धर्मांतरण, महिला उत्पीड़न और अन्य मुद्दों को केवल हिंदू समाज से जोड़कर दिखाया गया, जिससे हिंदू भावनाओं को गंभीर ठेस पहुंची है।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने कहा कि कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों में 90 प्रतिशत से अधिक हिंदू परिवारों के बच्चे और अभिभावक थे, फिर भी बच्चों के सामने हिंदू समाज को बदनाम करने का प्रयास किया गया। उन्होंने इसे हिंदू धर्म को बदनाम करने और धर्मांतरण की साजिश बताया।
प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित रखा। प्रदर्शन के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शहर कोतवाली के बाहर धरना दिया और क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने सीओ को ज्ञापन सौंपकर आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने ज्ञापन लेते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन शहर में सतर्कता बरती जा रही है।






Leave a Reply