The Voice of Bareilly since 2010

अखिलेश यादव का PDA नारा नहीं, ‘परिवार डेवलपमेंट आलायंस’ का छलावा है: अरुण दीक्षित

Bareillylive : भगवान परशुराम सेवा संस्थान द्वारा संचालित सामाजिक संगठन ‘सामाजिक चेतना मंच’ की बरेली जोन स्तरीय संगठन सृजन गोष्ठी एवं प्रेस वार्ता का आयोजन रविवार को संजय नगर स्थित चैतन्य पब्लिक स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का संयोजन भारतीय कुर्मी-किरार चेतना मंच के प्रदेश अध्यक्ष व ब्रज प्रांत प्रभारी योगेश पटेल (ब्लॉक प्रमुख, भोजीपुरा) द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि अरुण दीक्षित ने समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे जनता के साथ छलावा बताया। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव जिसे PDA कहते हैं, वास्तविकता में वह ‘परिवार डेवलपमेंट आलायंस’ है। सपा प्रमुख खुद को यादव समाज का नेता बताते हैं, लेकिन लोकसभा में उनकी पार्टी के जो पांच यादव सांसद हैं, वे सभी एक ही ‘सैफई परिवार’ से हैं। यह स्पष्ट करता है कि उनका विजन केवल अपने परिवार के विकास तक सीमित है।”

श्री दीक्षित ने संगठन की शपथ पत्र बुकलेट का अवलोकन करते हुए बताया कि पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के निर्देशन एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन में प्रदेश की 403 विधानसभाओं में 36 समाजों को जोड़ने का अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ-सबका विकास’ के सिद्धांत को पूर्ण करने के लिए सभी धर्मों और जातियों को एक मंच पर लाना ही सामाजिक चेतना मंच का लक्ष्य है।

कार्यक्रम संयोजक योगेश पटेल ने कहा कि जल्द ही बरेली में जोन स्तरीय विशाल सम्मेलन आयोजित होगा। उन्होंने घोषणा की कि करहल-सैफई के मध्य चौधरी नत्थू सिंह डिग्री कॉलेज में डॉ. धीरज यादव के संयोजन में एक ‘वास्तविक PDA’ सम्मेलन होगा, जहाँ अखिलेश यादव के नारों की पोल खोली जाएगी।

विभिन्न समाजों ने उठाई अपनी आवाज

भारतीय धनगर विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र विक्रम सिंह पाल ने सपा सरकार द्वारा धनगर आरक्षण के साथ किए गए खिलवाड़ की निंदा की और वर्तमान सरकार से धनगर सर्टिफिकेट जारी करने की मांग की। गोष्ठी में ब्राह्मण क्रांति मोर्चा के शैलेश पाठक, अल्पसंख्यक कल्याण मंच के जमील अहमद, दलित उत्थान संगठन के रामबाबू सागर सहित कश्यप, वैश्य, क्षत्रिय, लोधी, पंजाबी और कायस्थ समाज के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर रजनीश सक्सेना, अमित गुप्ता, सनी ठाकुर, निक्की राजपूत, हिमांशु बत्रा, श्रीमती रश्मि मिश्रा, श्रीमती सुमन श्रीवास्तव, पूर्व सैनिक कप्तान उमेश राठौर, इंजीनियर विनय शर्मा, अनुभव शुक्ला, अमित उपाध्याय एवं राजेंद्र भैया सहित बरेली और मुरादाबाद मंडल के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!