बरेली@BareillyLive: मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में आज जीआईसी सभागार में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण और बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों पर महत्वपूर्ण बैठक हुई। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 को आधार बनाते हुए यह पुनरीक्षण कार्य पूरे मंडल में तेजी से चल रहा है।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी अपने जनपदों में विधानसभावार बीएलओ को बुलाकर विस्तृत ब्रीफिंग करें, ताकि कोई शंका न रहे। बीएलओ के पास मतदाता सूची, रजिस्टर और एम्युनेशन फॉर्म होंगे, जिनके आधार पर मैपिंग की जाएगी। ईआरओ/एईआरओ वोटर लिस्ट का 10% से 100% तक सत्यापन करेंगे। गलत या नियमविरुद्ध कार्य करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी बरेली अविनाश सिंह ने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची बनाने के लिए यह बैठक आयोजित की गई है। यह प्रक्रिया 12 राज्यों में चल रही है और 2003 की सूची को आधार बनाया गया है। 07 फरवरी 2026 तक कार्य पूरा होगा। मृत, स्थानांतरित और डुप्लिकेट मतदाताओं को हटाकर सूची त्रुटिरहित बनेगी। बीएलओ हाउस-टू-हाउस सर्वे करेंगे, फॉर्म बांटेंगे, कलेक्ट करेंगे और मौके पर भौतिक सत्यापन करेंगे।
एईआरओ अपने 100 बूथों पर बीएलओ कार्यों की समीक्षा करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डैशबोर्ड से असामान्य वृद्धि/कमी पर नजर रखेंगे और लापरवाही पर कार्रवाई होगी। हर मतदाता तक फॉर्म 100% पहुंचाएं। सर्विलांस टीम गठित होगी जो 30 बीएलओ और सुपरवाइजरों का निरीक्षण करेगी। नगरीय क्षेत्रों के लिए नगर आयुक्त को अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। ट्रेजरी से मृत पेंशनर/कोटेदारों की मदद ली जाएगी। आधार कार्ड नागरिकता, पता या उम्र का प्रमाण नहीं है, इसका ध्यान रखें।
राजनीतिक दलों से बैठक कर बीएलए तैनात किए जाएंगे। बीएलओ-बीएलए समन्वय जरूरी। वीआरसी स्तर पर अनियमितता न हो, हर विधानसभा का अलग वीआरसी और कर्मचारियों को आई-कार्ड जारी होंगे। बीएलओ/सुपरवाइजर से जियो-टैग फोटो लें। पैन कार्ड और पासपोर्ट का ऑनलाइन सत्यापन करें ताकि फर्जी दस्तावेज से प्रवेश न हो।
जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय ने कहा कि कई स्तरों पर स्क्रूटनी हो रही है, इसलिए 100% निष्पक्षता और पारदर्शिता से काम करें ताकि सूची पूर्णतः शुद्ध हो।
जिलाधिकारी पीलीभीत ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। कमजोर बीएलओ को मदद दें। लेखपाल, ग्राम सचिव और चौकीदार सहयोगी होंगे। हर मतदाता से कलर्ड फोटो जरूरी। गरीबों के लिए बीएलओ या ग्राम सचिवालय से मदद लें।
अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बीएलओ कम से कम तीन बार घर जाएंगे। न मिलने पर फॉर्म चस्पा करेंगे, फिर भरा फॉर्म लेकर रिसीविंग दें। विधान परिषद चुनाव की तैयारियां भी चल रही हैं, 06 तारीख तक फॉर्म लिए जा चुके हैं।
बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी बरेली देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, संयुक्त मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, अपर जिलाधिकारी पूर्णिमा सिंह, सौरभ दुबे, देश दीपक सहित अन्य जनपदों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी और ईआरओ/एईआरओ मौजूद रहे।





