बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने युवती से छेड़छाड़ के मामले में वांछित ऑटो चालक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च को एक व्यक्ति ने थाना बारादरी में तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री के साथ सुरेश शर्मा नगर और बजरंग ढाबे के बीच ऑटो चालक ने गलत नीयत से छेड़छाड़ की। पीड़िता ने ऑटो का नंबर यूपी-25 एफटी 8922 बताया था। तहरीर के आधार पर थाना बारादरी में धारा 74 बीएनएस के तहत अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 मार्च को थाना बारादरी पुलिस ने सूर्या नगर सैनिक कॉलोनी निवासी विशाल पुत्र स्व. लोचन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में थाना बारादरी में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रिश्तेदार का टैम्पो किराये पर चलाता है और शराब पीने का आदी है। घटना वाले दिन भी उसने शराब पी रखी थी। जब सभी सवारियां उतर गईं और केवल एक लड़की ऑटो में रह गई तो नशे की हालत में उसने उसके पैर को छू लिया। बाद में पुलिस की तलाश की जानकारी होने पर वह फरार हो गया था।






Leave a Reply