The Voice of Bareilly since 2010

संतोष गंगवार ने किया पेट्रोल पम्प का उद्घाटन, रोपे जाने को वाट जोहता रह गया पौधा

union labour minister santosh gangwar inaugurated petrol pump in aonla

आंवला (Bareilly)। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश तिवारी एडवोकेट के तहसील के समीप बने नवीन पेट्रोल पम्प का शुभारम्भ केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने फीता काटकर किया। नबाबगंज में पार्टी का एक अन्य कार्यक्रम होने के कारण तय समय से दो घंटे पूर्व पहुंचे संतोष गंगवार चंद मिनट ही रुके। पम्प स्वामी को शुभकामनाएं दीं और लोगों को सम्बोधित भी किया।

इससे पूर्व वहां पहुंचने पर सांसद धमेन्द्र कश्यप, पालिका चेयरमैन संजीव सक्सेना ने मंत्री श्री गंगवार का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।

वाट जोहता रह गया पौधा

तय कार्यक्रम के अनुसार संतोष गंगवार को पेट्रोल पम्प परिसर में ही पौधारोपण करना था। पौधारोपण के लिए गड्ढा भी खोदा गया, मंत्री जी के नाम का बोर्ड भी लगा दिया गया था। किन्तु जल्दबाजी में सांसद व मंत्री जी पौधा नहीं लगा पाये। आयोजकों को भी बेचारे पौधे की याद नहीं आयी, जबकि इसके बाद काफी देर तक संतोष गंगवार नगर पालिका परिषद सभागार में और महेश तिवारी के आवास पर भी बैठे रहे।

error: Content is protected !!