The Voice of Bareilly since 2010

आषाढ़ गुप्त नवरात्रि 6 जुलाई से, दस महाविद्याओं से मिलेगा मां दुर्गा का आशीर्वाद- ऐसे करें पूजन

आषाढ़ गुप्त नवरात्रि 6 जुलाई से, दस महाविद्याओं से मिलेगा मां दुर्गा का आशीर्वाद- ऐसे करें पूजन

बरेली @bareillyLive. आषाढ़ गुप्त नवरात्रि का पावन पर्व 6 जुलाई से शुरू हो रहा है। पंचांग के अनुसार, आषाढ़ माह की प्रतिपदा तिथि से इस पावन पर्व की शुरूआत होती है। माता दुर्गा के नौ रूपों के साथ ही इस दौरान दस महा विद्याओं की आराधना का भी बड़ा महत्व है।

ज्योतिषाचार्य राजेश कुमार शर्मा बता रहे हैं कि इस दिन घट स्थापना का शुभ मुहूर्त कब रहेगा? और पूजा से जुड़े नियम क्या हैं? कैसे करें गुप्त नवरात्रि में पूजन?

आषाढ़ गुप्त नवरात्रि 2024 घट स्थापना मुहूर्त

बता दें कि एक वर्ष में चार बार नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इनमें माघ और आषाढ़ माह की नवरात्रि को गुप्त नवरात्रि कहा जाता है। हर नवरात्रि के पर्व में घट स्थापना का विशेष महत्व है। घट स्थापना के बाद ही माता दुर्गा के नौ रूपों की पूजा प्रारंभ की जाती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि 6 जुलाई से शुरू होने वाली आषाढ़ माह की नवरात्रि में घट स्थापना कब और किस समय की जाएगी।

आषाढ़ गुप्त नवरात्रि का शुभारम्भ 6 जुलाई को आषाढ़ प्रतिपदा के दिन होगी। इस दिन घट स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 5 बजकर 27 मिनट से 10 बजकर 5 मिनट तक रहेगा, इसी समय आपको माता दुर्गा और उनके प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा आराधना करनी चाहिए।

मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि के प्रथम दिन घट स्थापना करने से भक्तों को शुभ फलों की प्राप्ति होगी। अगर आप गुप्त नवरात्रि में घट स्थापित करने वाले हैं तो आपको इसकी तैयारी एक दिन पहले ही कर देनी चाहिए। एक दिन पूर्व ही उस स्थान की साफ सफाई कर लें जहां घट स्थापित किया जाता है। हो सके तो घट स्थापना के लिए ईशान कोण (उत्तर-पूर्व के मध्य) का चुनाव करें।

गुप्त नवरात्रि पूजा के नियम

गुप्त नवरात्रि के दौरान माता दुर्गा के नौ रूपों के साथ ही दस महाविद्याओं की भी पूजा की जाती है। माना जाता है कि इस दौरान महाविद्याओं की पूजा करने से कई सिद्धियां भक्तों को प्राप्त हो सकती हैं।

इस दौरान किन नियमों का आपको पालन करना चाहिए, आइए जानते हैं।

  • ’गुप्त नवरात्रि के दौरान मांस-मदिरा का सेवन करने से आपको बचना चाहिए।
  • ’इस समय लहसुन-प्याज खाना भी वर्जित माना जाता है। यानि गर्म तासीर वाले भोज्य पदार्थ इस दौरान नहीं करने चाहिए।
  • ’नाखून और बाल कटवाने से भी आपको बचना चाहिए।
  • ’शारीरिक संबंध बनाने से भी इस दौरान बचें।
  • ’घर में घटस्थापित किया है तो घर में हर समय कोई-न-कोई व्यक्ति जरूर हो।
  • ’इस दौरान व्रत रखने वाले जमीन पर सोएं तो अच्छा माना जाता है।
error: Content is protected !!