The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में फिर लहराया भगवा, 9 में से 7 सीटों पर भाजपा का कब्जा बरकरार, सपा को दो सीट

भाजपा के झंडे

बरेली: बरेली जिले की नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा ने अपना वर्चस्व कायम रखा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के परिणामों में भी बरेली जिले में 2017 की तरह भाजपा का दबदबा रहा, हालांकि बीते विधानसभा चुनाव के मुकाबले उसने दो सीटों को गवां दिया।

विधानसभा चुनाव जिले की नौ विधानसभा की सीटों पर हुए चुनाव के आज नतीजे आ गए। भाजपा ने सात सीटों पर कब्जा बरकरार रखा है। बरेली शहर विधानसभा सीट से भाजपा के डॉ अरुण कुमार तीसरी बार विधायक बने हैं। कैंट विधानसभा सीट से भाजपा के संजीव अग्रवाल पहली बार विधानसभा पहुंचेंगे। उन्हें निवर्तमान विधायक राजेश अग्रवाल का टिकट काटकर प्रत्याशी बनाया गया था। मीरगंज से भाजपा के डॉ. डी.सी वर्मा भी एक बार फिर जीते हैं। इसी तरह आंवला से भाजपा के धर्मपाल सिंह, पांचवी बार विधान सभा पहुंचे हैं। बिथरी चैनपुर से भाजपा के डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी जीत का डंका बजाया है। निवर्तमान विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल के स्थान पर उम्मीदवार बनाया गया था। फरीदपुर से भाजपा के प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल फिर जीत गये हैं। साथ ही विधायक केसर सिंह के निधन के बाद रिक्त हुई नवाबगंज सीट से भाजपा के डॉ एमपी आर्य ने जीत हासिल की है।

इसके अलावा भोजीपुरा से समाजवादी पार्टी के शहजिल इस्लाम और बहेड़ी से सपा के अताउर्रहमान ने जीत दर्ज की है। इनमें शहजिल इस्लाम ने विधायक बहोरन लाल मौर्य और अताउर्रहमान ने राजस्व मंत्री छत्रपाल गंगवार को हराकर विजय प्राप्त की है।

error: Content is protected !!