Bareillylive : साहित्यिक संस्था “शब्दांगन” के तत्वावधान में आयोजित अटल जन्म शताब्दी के नवें कार्यक्रम के अंतर्गत कैंट क्षेत्र के विधायक संजीव अग्रवाल को “अटल मन: राजनीतिज्ञ सम्मान” से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उन्हें श्री टीबरीनाथ सांगवेद संस्कृत महाविद्यालय परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों द्वारा वैदिक मंत्रों के वाचन से हुई। तत्पश्चात कवि मोहन चंद पांडे “मनुज” ने वाणी-वंदना प्रस्तुत की, जिससे पूरा वातावरण साहित्यिक और सांस्कृतिक रंग में रंग गया। इसके उपरांत संस्था “शब्दांगन” के महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी, प्राचार्य बंशीधर पांडे, कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और वरिष्ठ साहित्यकार एवं आकाशवाणी के कार्यक्रम अधिशासी रहे कवि राजेश गौड़ ने विधायक संजीव अग्रवाल को उत्तरीय, पगड़ी, प्रकृति का सुंदर चित्र, मोतियों एवं सुनहरी माला तथा शब्दांगन पदक प्रदान करके सम्मानित किया।
इस अवसर पर कवि राजेश गौड़ ने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित अपनी रचना का पाठ किया। उनकी कविता ने उपस्थित विद्यार्थियों, साहित्यकारों और विशिष्ट अतिथियों के हृदय को छू लिया और श्रोतागण भाव-विभोर होकर तालियों से गूंज उठा।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत विधायक संजीव अग्रवाल ने व्यक्त किया कि “अटल मन: राजनीतिज्ञ सम्मान” मेरे लिए एक अनमोल धरोहर है। इस सम्मान ने मुझे और अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ समाज एवं जनता की सेवा करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी न केवल एक महान नेता थे बल्कि राजनीति के अजातशत्रु भी थे। उनके कार्यकाल में किए गए परमाणु परीक्षण, संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में दिया गया ऐतिहासिक भाषण और भारतीय संस्कृति की गौरवमयी प्रस्तुति ने पूरे विश्व में भारत की नई पहचान बनाई। अग्रवाल ने कहा कि अटल जी ने राजनीति में शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखकर सभी के लिए उच्च आदर्श स्थापित किए।
शब्दांगन के महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी ने बताया कि अटल जन्म शताब्दी वर्ष में यह संस्था का नवां आयोजन है। दिसंबर माह तक निरंतर अनेक सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अटल जी के विचारों और आदर्शों को संगठित रूप से समाज तक पहुँचाया जाएगा।
समारोह का संचालन सदस्य विशाल शर्मा ने किया और समापन पर शब्दांगन के उपाध्यक्ष रामकुमार अफरोज ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राएं, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अध्यापक, साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रमुख उपस्थितगण में मुकेश अग्रवाल, प्रवीण भारद्वाज, संजीव अवस्थी, रामप्रकाश सिंह “ओज”, रामकुमार अफरोज, नरेंद्र पाल सिंह, बिंदु सक्सेना, प्रवीण शर्मा, रितेश साहनी, दीपक शर्मा, बृजेश मिश्रा, अमरीश कठेरिया, सचिन कश्यप तथा प्रधानाचार्य बंशीधर पांडे शामिल रहे।





