बरेली@BareillyLive: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बरेली में थे। बरेली कॉलेज मैदान पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए योगी अपनी पूरी रौ में दिखे। बोले-अब बरेली को दंगे के नाम से नहीं नाथ कॉरिडोर के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शहर को 22.64 हजार करोड़ रुपये की 545 विकास परियोजनाओं की बहुत बड़ी सौगात दी।
इसके अन्तर्गत हजियापुर में 129 करोड़ की लागत से बने मंडल के पहले यूनानी मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण कर उन्होंने चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा दी। इसके बाद बरेली कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में 223 परियोजनाओं का लोकार्पण और 322 का शिलान्यास कर जिले के समग्र विकास का रोडमैप जनता के सामने रखा।
कार्यक्रम में सीएम युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को डमी चेक सौंपे गये। स्वयं सहायता समूह की लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया और पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी दी गई।
रोजगार मेले में 6000 युवाओं का निजी कंपनियों द्वारा चयन हुआ। जनसभा स्थल पर विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए सीएम ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति जानी। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम रहे। ड्रोन से निगरानी और 1600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कार्यक्रम से पूर्व सीएम ने सर्किट हाउस में मंडल के 28 जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की।
2017 से पहले बरेली में होते थे दंगे
बरेली कॉलेज मैदान पर जनता को सम्बोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बरेली की तस्वीर और तक़दीर अब तेज़ी से बदलेगी। सरकार का हर कदम जनता के जीवन में बदलाव लाने के लिए है। उन्होंने कहा कि बरेली में 2017 से पहले यहां आए दिन बड़े दंगे होते थे। बरेली एक दंगाग्रस्त जनपद बन गया था। लेकिन आज नाथ कॉरिडोर बरेली की पहचान बन रही है। बाबा अलखनाथ, बाबा त्रिवटी नाथ, बाबा वनखंडी नाथ, बाबा धोपेश्वर नाथ, बाबा तपेश्वर नाथ, बाबा मढ़ीनाथ, बाबा पशुपति नाथ मंदिर के लिए नाथ कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है।
तुष्टिकरण नहीं विकास से किया संतुष्टिकरण
सीएम ने कहा कि पूर्व की सरकारें बांटने का काम करती थीं। वोट बैंक की राजनीति के माध्यम से तुष्टिकरण पराकाष्ठा को पूर्ण करती थीं, सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को सम्मान दिया जाता था। मगर भाजपा की सरकार तुष्टिकरण नहीं बल्कि विकास के जरिये जनता की संतुष्टिकरण का माध्यम बन रही है। विरासत को विकास कार्यों के साथ जोड़ रही है। न्यू बरेली के रूप में बरेली विकास प्राधिकरण और नगर निगम में तमाम परियोजनाओं को पूरा करके दिखाया है। जिसके परिणाम दिख रहे हैं।
कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की कोशिश हुई
अब कोई बरेली को कोई दंगा ग्रस्त नहीं कह सकता। सीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के बदनाम करने की कोशिश की गई।सीएम ने कहा जो आयोजन समग्र समाज की एकता के माध्यम बनेंगे, समाज विरोधी तत्व उनको बदनाम करने की कोशिश करेंगे और षणयंत्र रचेंगे, छद्म वेष में ऐसे लोगों को भेजेंगे जो सारे माहौल को खराब करते हैं। लेकिन समाज की जागरूकता और पुलिस की तत्परता के कारण ऐसे तत्व बेनकाब होते हैं। बरेली में कांवड़ यात्रा के दौरान जलाभिषेक कर अपनी सेवा को महादेव को अर्पित किया। पिछली सरकारें दंगों के साथ लोगों के सामने पहचान का संकट खड़ा करती थीं। मगर डबल इंजन की भाजपा सरकार भयमुक्त वातावरण देकर विरासत और विकास को जोड़कर लोगों का भविष्य उज्जवल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बरेली में प्रतिव्यक्ति आय में हुई वृद्धि
बरेली में प्रतिव्यक्ति आय में वृद्धि हुई है। यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इन कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों से चर्चा भी हुई। शासन के अधिकारी इनके क्रियान्वयन को लेकर काम कर रहे हैं। बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत के विकास को एक नई उड़ान मिलने वाली है। अब अच्छे जन प्रतिनिधि मिले हैं वो विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। सबका साथ सबका विकास प्रधानमंत्री का संतुष्टिकरण का मंत्र है। जिसमें हर वर्ग को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। लेकिन अगर कोई मानता है कि उनके लिए पिछली सरकारों की तर्ज पर पिक एंड चूज के जरिए योजनाएं बनेंगी तो अब नहीं हो सकता क्योंकि ये नया भारत है, जो योजनाओं में भेदभाव नहीं करता है।
युवाओं के रोजगार को लेकर बोले
सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण करना प्रशिक्षण के बाद बैंक से उसे ₹5 लाख का गारंटी मुक्त ब्याज मुक्त लोन करवाना, जब वह व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए शुरुआत करता है उसे उपलब्ध करवा रही है। बैंक को अगली बार 7ः30 लाख रुपए की व्यवस्था, अगर वह भी वापस होता है तो तीसरी बार उसको 10 लाख रुपए की गारंटी मुक्त और ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाने के लिए सरकार कार्य कर रही है।





