The Voice of Bareilly since 2010

बरेली: प्राण प्रतिष्ठा पर मनी दिवाली, गूंजे श्रीराम के जयकारे, जमकर आतिशबाजी

बरेली। श्रीराम वनवास से लौटकर आये तो अयोध्या में घरों को दीपों से जगमग किया गया। ऐसा ही वातावरण कल पूरे देश में था। सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा के दिन लोगों ने शाम को दीपोत्सव मनाया। पूस के महीने में दिवाली जैसा माहौल हो गया। श्रीराम के जयकारों से वातारण भक्तिमय हो गया। सुबह से लेकर शाम तक श्रीराम नाम की गूंज सुनाई देती रही। मंदिरों से लेकर घर-घर सजावट की गयी। गली-गली भण्डारे आयोजित किये गये।

शहर में तमाम अपार्टमेंट, साेसाइटीज, कॉलोनी और संस्थाओं की ओर से भव्य सजावट के साथ आतिशबाजी की गई। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद लोगों ने शाम को घर पर पकवान बनाकर श्रीराम की पूजा अर्चना की।

डीडीपुरम, राजेंद्र नगर, सिविल लाइंस, सेटेलाइट, चौकी चौराहा, आवास विकास, सुभाष नगर, कर्मचारी नगर समेत पूरा शहर रंग बिरंगी रोशनी की झालरों और दीपों से जगमग दिखा।

प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोग उत्साहित दिखाई दिए। बाबा अलखनाथ मंदिर, तुलसी मठ में विशेष सजावट की गई। देर रात तक लोगों ने आतिशबाजी की। ऐसा लग रहा था जैसे श्रीराम सबके घरों में पधार रहे हों। हर तरफ उल्लास और उत्साह दिख रहा था।

error: Content is protected !!