The Voice of Bareilly since 2010

जनरल रहेगी बरेली और मुराबाद की मेयर सीट, नगर निगम चुनाव के लिए आरक्षण जारी, देखें पूरी लिस्ट

 नगर निगम चुनाव 2017लखनऊ/बरेली। बरेली और मुरादाबाद समेत सीटें जनरल रखी गयी हैं। राज्य सरकार ने निकाय चुनाव के लिए 16 मेयर व 637 अध्यक्षों की सीटों का आरक्षण गुरुवार की देर रात जारी कर दिया। इसके अलावा राजधानी लखनऊ, कानपुर नगर व गाजियाबाद मेयर की सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। बता दें कि बीते कई महीनों से मेयर चुनाव में आरक्षण को लेकर तरह-तरह के कयास लगाये जा रहे थे।

प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह ने 16 नगर निगम में मेयर, 199 पालिका परिषद व 438 नगर पंचायतों में अध्यक्ष की सीटों के आरक्षण की अनंतिम अधिसूचना जारी कर दी है। स्थानीय निकाय निदेशालय में 20 अक्तूबर तक इस पर आपत्तियां ली जाएंगी। नगर विकास विभाग इसके बाद सीटों के आरक्षण की अंतिम अधिसूचना जारी करेगा। इसके आधार पर निकाय चुनाव होगा।

पालिका परिषद की 199 अध्यक्षों की सीटों में नौ सीटें एससी महिला, 16 एससी, 18 ओबीसी महिला, 35 ओबीसी, 40 अनारक्षित महिला तथा 81 सीटें अनारक्षित रखी गई हैं। इसी तरह 438 नगर पंचायत अध्यक्ष की सीटों में 19 एससी महिला, 36 एससी, 1 एसटी महिला, 40 ओबीसी महिला, 70 ओबीसी तथा 86 अनारक्षित महिला व 178 सीटें अनारक्षित रखी गई हैं।

यूपी में पिछला निकाय चुनाव मेयर की 12 सीटों पर कराया था। इस बार मेयर की 16 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। मेयर की सीटों में मथुरा व मेरठ की सीट एससी के लिए आरक्षित की गई है। इसमें मेरठ की सीट एससी महिला के लिए आरक्षित है। फिरोजाबाद, वाराणसी, सहारनपुर व गोरखपुर की मेयर सीट ओबीसी के लिए आरक्षित की गई है। इसमें फिरोजाबाद व वाराणसी ओबीसी महिला के लिए आरक्षित रखी गई है।

लखनऊ, कानपुर नगर व गाजियाबाद मेयर की सीट महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है। इसके अलावा आगरा, इलाहाबाद, बरेली, मुरादाबाद, अलीगढ़, झांसी व फैजाबाद की मेयर की सीटें अनारक्षित रखी गई हैं। इस बार सहारनपुर, फिरोजाबाद, मथुरा व फैजाबाद नगर निगम में मेयर की सीटों के लिए पहली बार चुनाव हो रहा है।
नगर निगम चुनाव 2017

error: Content is protected !!