The Voice of Bareilly since 2010

Bareilly News : भाजपा के डर से व‍िहिप नेता की सामूहिक आत्मदाह की धमकी

भाजपा के डर से व‍िहिप नेता की सामूहिक आत्मदाह की धमकी

बरेली : बारादरी थाना क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद के नेता की बेटी से भाजपा पदाधिकारी के रिश्तेदार ने छेड़खानी कर दी। विहिप नेता ने शोहदे को दबोचा और बारादरी पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि इससे गुस्साए भाजपा पदाधिकारी ने अपने गुर्गे विहिप नेता के घर भेज दिए। घर पर मिले उनके बेटे को जमकर धमकाया। जिससे घबराकर उसने जहर खा लिया।

परिजनों ने उसे गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। विहिप नेता का कहना है कि मामले में न्याय नहीं मिला तो वह परिवार के साथ खुदकशी कर लेंगे। फिलहाल छेड़खानी के मामले में तहरीर दे दी गई है लेकिन बेटे की हालत नाजुक होने के कारण अभी धमकी के मामले में तहरीर नहीं दी गई है।

बारादरी निवासी विहिप नेता ने बताया कि मुहल्ले का ही आरोपित एक भाजपा की महानगर कमेटी में पदाधिकारी का रिश्तेदार हैं। वह उनकी बेटी को कई महीने से परेशान करने के साथ अक्सर छेड़खानी करता था। पानी सिर से ऊपर गया तो बेटी ने उनको बताया। बुधवार शाम पांच बजे उन्होंने आरोपित को रंगे हाथ छेड़छाड़ करते पकड़ लिया और बारादरी पुलिस को सौंप दिया। उसके खिलाफ तहरीर भी दे दी।

मामले की जानकारी भाजपा पदाधिकारी को हुई तो पहले उन्हें धमकाया। फिर उनके घर अपने गुर्गे भेज दिए। वह घर पर नहीं थे तो गुर्गों ने उनके बेटे को जमकर धमकाया। जिससे घबराकर उसने देर रात जहर खा लिया। उन्होंने घटना की जानकारी बारादरी पुलिस को दे दी है।

साभार जागरण

error: Content is protected !!