The Voice of Bareilly since 2010

बरेली समाचार- पॉश इलाके के घर में मिला युवक का अधजला शव

बरेली। महानगर के पॉश इलाके राजेन्द्र नगर में शुक्रवार सुबह मनोज मिश्रा (38) की उनके घर में ही अधजली लाश मिली। उनका बिस्तर भी आधा जला हुआ था और पूरे कमरे में धुंआ भरा था। पुलिस के मुताबिक मनोज शराब के नशे में सिगरेट पी रहे थे जो बेड पर गिरी और बिस्तर में आग लग गई। चूंकि कमरे में एसी चल रहा था इसलिए धुंआ घुटने से उसकी मौत हो गई। उधर, परिवार वालों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने से मनोज की मौत हुई है।  

मनोज मिश्रा टिफिन का काम करते थे। उनकी पत्नी सुनीता मिश्रा अपने मायके गई हुई थीं और गुरुवार को वह घर में अकेले थे। हालांकि  मनोज के मकान में तीन किराएदार लड़के थे, जबकि पिता दूसरे घर में थे। बताया जा रहा है कि मनोज मिश्रा गुरुवार को रात करीब 8:30 बजे टिफिन देकर लौटे थे। इसके बाद खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए। सुबह उनके कमरे से धुएं की बदबू आई तो लोगों ने कमरे में देखा जहां मनोज की लाश बिस्तर पर अधजली पड़ी थी।

मनोज के पिता दुर्गा प्रसाद ने बताया कि मनोज का एक नौ वर्षीय बेटा है। वह भी अपनी मां के साथ गया हुआ था। दुर्गा प्रसाद सर्राफा का काम करते थे जो इन दिनों बंद चल रहा है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

error: Content is protected !!