The Voice of Bareilly since 2010

बरेली समाचार- बगैर लोकार्पण के ही ट्रैफिक के लिए खुला आईवीआरआई फ्लाईओवर

बरेली। झुमका नगरी में हर तरफ जब-तब लगने वाले जाम से परेशान लोगों को लिए यह सचमुच कुछ राहत की खबर है। 54 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ आईवीआरआर फ्लाईओवर अंततः आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। शहर विधायक डॉ अरुण कुमार ने बुधवार को बगैर लोकार्पण के ही ओवर ब्रिज पर ट्रैफिक शुरू करा दिया। विधायक ने पुल के दोनों ओर लगे बैरियर को खुद हटाया।  तीन दिशाओं में उतरने वाले इस विशाल ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य 11 दिन पहले ही पूरा हो गया था।

स्थानीय अधिकारियों ने सेतु निगम मुख्यालय को आईवीआरआई ओवरब्रिज के पूरा होने की रिपोर्ट भेज दी थी लेकिन लोकार्पण की तारीख तय नहीं हो पा रही थी। इस असमंजस के बीच एक बार लोगों ने खुद ही अवरोधक हटाकर पुल पर आवागमन शुरू कर दिया जिसे सेतु निगम के अधिकारियों ने कुछ देर बाद ही बंद करा दिया। बाद में खबर आयी कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य फ्लाईओवर का लोकार्पण करने बरेली आने वाले हैं।। इसी बीच आयोग ने सोमवार को एमएलसी चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। इस कारण लोकार्पण का कार्यक्रम टल गया। आम लोगों को हो रही दिक्कत को देखते हुए शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार ने बुधवार को बगैर लोकार्पण के ही फ्लाईओवर पर वाहनों का संचालन शुरू करा दिया। डॉ. अरुण अपने समर्थकों के साथ पुल पर पैदल ही टहले। इसके बाद भाजपाइयों ने अपने वाहन दौड़ाए।

error: Content is protected !!