The Voice of Bareilly since 2010

बरेली समाचार- चर्च की दीवार पर लिखा जय श्रीराम, एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

बरेली। चर्च की दीवार पर जय श्रीराम और वंदे मातरम लिखना अखिल विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं पर भारी पड़ गया। पादरी के तहरीर पर पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

एबीवीपी की छावनी नगर इकाई के कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार की रात चर्च की दीवार पर जय श्रीराम और वंदे मातरम का लेखन किया गया था। ट्वीट कर इसकी जानकारी भी साझा की गई। गुरुवार को आशीष हरमन नाम के व्यक्ति ने डीजीपी, एडीजी जोन बरेली, आइजी बरेली और बरेली पुलिस को टैग करते हुए ट्वीट किया कि धार्मिक स्थल पर ऐसा लिखकर सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। कृपया इसका संज्ञान लेने का कष्ट करें।

एडीजी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बरेली पुलिस को इस मामले को तत्काल दिखवाने के निर्देश दिए। कैंट थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जिस दीवार पर लिखा था वह चर्च की दीवार थी। कैंट पुलिस ने सदर मैथोडिस्ट चर्च के पादरी अल्बर्ट बेन्जामिन की तहरीर पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की है।

रिपोर्ट लिखे जाने की जानकारी मिलने के बाद एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री गौरव यादव ने कहा कि पुलिस ने गलत रिपोर्ट दर्ज की है। क्या जय श्रीराम और वंदे मातरम लिखना अपराध है? इस मामले में एबीवीपी कार्यकर्ता अधिकारियों से मिलेंगे।

 
error: Content is protected !!