The Voice of Bareilly since 2010

बरेली समाचार- भगवा हुई बरेली सड़कों पर गूंजा जय श्रीराम

बरेली। शहर की सड़कों पर उमड़े राम भक्तों के जोश ने कड़कड़ाती ठंड के गिरते पारे को भी ऊपर उछाल दिया। डेलापीर के महर्षि वाल्मीकि मंदिर से शुरू हुई राम रथयात्रा सिविल लाइंस तक पहुंचते-पहुंचते एक बड़े कारवां में तब्दील हो गई। राम रथयात्रा  का आयोजन विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके सहायक संगठनों द्वारा किया गया लेकिन आयोजन का हिस्सा शहर का वह हर आम और खास इंसान बना वह जिसकी प्रभु श्रीराम में आस्था है।

विश्व हिंदू परिषद एवं आरएसएस की तरफ से पिछले कई दिनों से राम रथयात्रा की तैयारियां चल रही थी। बुधवार को दोपहर करीब 12:00 बजे डेलापीर के वाल्मीकि मंदिर से रथ यात्रा की शुरुआत हुई। बड़ी संख्या में रामभक्त स्कूटर, मोटरसाइकिलें और झंडे लेकर आयोजन स्थल पर पहुंचे। इसके बाद रामभक्तों का कुनबा तेजी से बढ़ता चला गया। जोशो-खरोश से लवरेज रामभक्त सड़कों पर झूमकर चल रहे थे। रामभक्तों ने इस पुनीत कार्य के लिए सभी से आगे आने की अपील की। यात्रा डीडी पुरम, प्रेम नगर धर्म कांटा चौराहा, कोहड़ापीर, कुतुबखाना, जिला अस्पताल होती हुई सिविल लाइंस हनुमान मंदिर पर पहुंची। इस यात्रा में शहर के हर वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर शामिल हुए। रामभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

विभाग अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद पवन कुमार अरोड़ा  ने बताया कि आज की राम रथयात्रा अद्भुत थी। इसके लिए कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। शहर के लोगों का उत्साह स्वागत योग्य है। उन्होंने सभी लोगों से इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने की अपील की।

राम रथयात्रा में विश्व हिंदू परिषद एवं आरएसएस के अनुषांगिक संगठनों के अलावा शहर के व्यापारी-उद्यमी व सभी वर्गों के लोग शामिल हुए। विशेष रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक अतुल खंडेलवाल, विभाग प्रचारक आनंद, महानगर प्रचारक विक्रांत, महानगर अभियान प्रमुख अनुराग अग्रवाल, महानगर से अभियान प्रमुख आशु अग्रवाल, महानगर निधि प्रमुख विवेक अग्रवाल, महानगर से निधि प्रमुख नीरू भारद्वाज, महानगर कार्यवाह डॉ विमल यादव, विभाग कारवां हरीश कश्यप, सह प्रांत संगठन मंत्री विश्व दर्शन, हरेंद्र, विभाग संगठन मंत्री रामा शंकर, विभाग प्रचार प्रमुख डॉ  विनोद पागरानी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचार प्रमुख एवं महानगर  अभियान प्रचार प्रमुख आलोक प्रकाश जी का विशेष योगदान रहा।

error: Content is protected !!