The Voice of Bareilly since 2010

बरेली समाचार- सूर्य नमस्कार महायज्ञ में स्वयंसेवकों ने दी “आहुति”

बरेली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बरेली महानगर ने सोमवार को सूर्य नमस्कार महायज्ञ का आयोजन किया। तकरीबन साढ़े चार हजार स्वयंसेवक परिवारों ने सूर्य नमस्कार कर इस महायज्ञ में “आहुति” दी। सूर्य भगवान के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित इस महायज्ञ में बच्चे, वृद्ध,महिलाएं, युवा सभी सम्मिलित हुए। प्रातःकाल 7:00 बजे स्वयंसेवकों ने यथाशक्ति सूर्य नमस्कार किया। किसी ने 10 तो किसी ने 200 तक भी “आहुतियां” दीं।

आयोजकों के अनुसार, कोरोना रोग के भयावह समय में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए यह आयोजन किया गया। सूर्य नमस्कार के दौरान सूर्य की सीधी किरणें शरीर पर पड़ती हैं जिससे विटामिन डी का निर्माण होता है।  विटामिन डी को शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में काफी अधिक सहायक माना जाता है। अधिकतर शहरी लोग धूप से बचने का प्रयास करते हैं। इस कारण उनमें प्राकृतिक विटामिन डी की कमी होती है। इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने से जुड़े परिवारों से आग्रह किया था कि इस महायज्ञ में शामिल हों और प्रतिदिन इसी प्रकार भगवान सूर्य के समक्ष सूर्य नमस्कार लगाकर अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाएं। शरीर का समुचित व्यायाम इस यज्ञ में “आहुति” देने से हो जाता है।

इस दौरान स्वयंसेवकों ने भगवान सूर्य से कोरोना वायरस से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना भी की।

error: Content is protected !!