बरेली। रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से उसके रिश्तेदार ने लगभग 18 लाख रुपये की ठगी कर ली। रुपये पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में एसएसपी के आदेश पर थाना इज्जतनगर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव मोहरनिया निवासी जालंधर सिंह के अनुसार उन्होंने हाल ही में लगभग 20 लाख रुपये में अपना एक प्लॉट बेचा था। इस रकम का कुछ हिस्सा उन्होंने घर में रखा और शेष बैंक खाते में जमा कर दिया था। इसी दौरान उनके भांजे का साढ़ू संजीव, जो फतेहगंज पश्चिमी के घाटमपुर निवासी है, अपने साथी भूरे के साथ उनके घर आया। दोनों ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहा कि वे उनके बेटों की बिना किसी आवेदन प्रक्रिया के सीधे रेलवे में नौकरी लगवा देंगे। जालंधर ने बताया कि इस पर पहले तो उन्होंने इनकार कर दिया लेकिन दोनों ने उन्हें अपनी लच्छेदार बातों में फंसा लिया। आरोपियों ने 18 लाख रुपये की मांग की।
इसके अलावा शेष छह लाख रुपये नियुक्ति पत्र मिलने के बाद मांगे। उन्होंने अपने दोनों बेटों के सभी दस्तावेजों की प्रतियां उन्हें सौंप दीं और बतौर भुगतान आठ लाख रुपये चेक और मोबाइल ट्रांसफर के माध्यम से दिये। इसके अलावा 10 लाख रुपये नकद भी घर पर संजीव और उसके साथी अखिलेश को दिए गए। करीब 10-12 दिन बीतने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने फोन पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी से की तो उन्होंने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिये। इसके बाद तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गयी है।





