बरेली@BareillyLive: बरेली बवाल के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा के दाहिने हाथ नफीस खान ऑप्टीकल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। नफीस ने खुद को डॉ. नफीस के तौर पर प्रचारित किया हुआ था। शनिवार को सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुतुबखाना स्थित खान ऑप्टिकल एंड क्लिनिक पर छापा मार और दुकान सील कर दी।
छापा मारने गयी स्वास्थ्य विभाग की टीम को वहां पर न तो कोई पंजीकरण प्रमाणपत्र मिला और न ही कोई डिग्री मिली। यहां जांच में खुलासा हुआ कि नफीस केवल चश्मे की दुकान चलाता था और खुद को डॉक्टर बताकर लोगों का इलाज करने लगा था। नफीस के पास डॉक्टरी की कोई मान्यता प्राप्त डिग्री नहीं है।
कार्रवाई के बाद होगी एफआईआर
नफीस की दुकान पर ये कार्रवाई गोपनीय तरीके से की गयी। शनिवार दोपहर डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित कुमार और डॉ. लईक अंसारी को बुलाकर रणनीति तय करके सीएमओ ने दोनों अधिकारियों को भेजा। कुतुबखाना स्थित दुकान बंद थी, लेकिन कथित क्लिनिक के बाहर नेमप्लेट लगी हुई थी। जांच के बाद डिप्टी सीएमओ लईक अंसारी ने दुकान को सील कर दिया। वहीं, डॉ. अमित कुमार ने आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी कीं।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के अनुसार क्लिनिक का न तो कोई रजिस्ट्रेशन था, न मानक पूरे थे। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के आदेश पर की गई है। अब फर्जी डिग्री के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक, नफीस लंबे समय से अपने नाम के आगे “डॉॅक्टर” लगाकर खुद को नेत्र विशेषज्ञ बताता था। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर के करीबी होने का फायदा उठाता था। पिछले दिनों हुए बवाल में गिरफ्तारी के बाद उसकी वास्तविकता सामने आ गयी।





