The Voice of Bareilly since 2010

बरेली ने किया शहीदों को नमन और उनके परिजन का सम्मान

बरेली। गुरुवार की शाम उड़ी हमले के शहीदों को शहर भर ने सैल्यूट किया। शहीदों को नमन करते हुए बिशप मण्डल इंटर कालेज मैदान में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं। मौका था ईएनआई फाउण्डेशन के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम ‘साथी तुम्हें सलाम‘ में शहीदों के परिजन को सम्मानित करने का। मुख्य अतिथि महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द ब्रह्मचारी जी ने इन परिवारों को सम्मान पत्र प्रदान किये। इस मौके पर फाउण्डेशन की ओर से प्रत्येक परिवार को आर्थिक सहायता स्वरूप धनराशि के चेक भी सौंपे गये। शहीदों के बच्चों की शिक्षा का आजीवन खर्च वहन करने की घोषणा डॉ. वीके यादव ने की।

स्वामी कैलाशानन्द ने अपने सम्बोधन में कहा कि संत भी धर्म कार्य तभी कर सकते हैं जब राष्ट्र की सीमाएं सुरक्षित हों। संतों से पहले देश के रक्षकों और शहीदों के माता-पिता वंदनीय हैं। जो माता-पिता अपने लालों को देश पर कुर्बान होने भेज दें वे ही वास्तविक रूप से वंदना के योग्य हो सकते हैं। उन्होंने शहीदों को सैल्यूट किया। कहा कि जो लोग गोहत्या में संलिप्त हैं। राष्ट्र की सभ्यता और संस्कृति का अपमान करते हैं, तिरंगे का अपमान करते हैं उन्हें देश में रहने का कोई हक नहीं है।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दी प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद द्रौपदी कन्या इण्टर कालेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। उनकी शिक्षिका रीता शर्मा ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों…‘ गाकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किये। तदुपरान्त संस्था सचिव करुणानिधि गुप्ता ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष अजय राज शर्मा ने अतिथियों का परिचय कराया।

दिव्यांग डान्सर विनोद ठाकुर ने अपने नृत्य से लोगों को रोमांचित कर दिया। उनकी परफारमेन्स में फुर्ती और कला कौशल का सामंजस्य देखकर मैदान में मौजूद आईटीबीपी के जवान भी रोमांच से भर गये। पूरे जनसमूह ने जबर्दस्त तालियों से विनोद का स्वागत किया। सरस्वती शिशु मंदिर ब्रजलोक कालोनी के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत दो प्रस्तुतियां दी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद मुख्य अतिथि स्वामी कैलाशानन्द ब्रह्मचारी, विशिष्ट अतिथि एयर मार्शल (रि.) अशोक गोयल, डॉ सत्येन्द्र सिंह ने शहीदों के परिवारों को सम्मान पत्र सौंपे। इस कार्य में इनका सहयोग किया डॉ. प्रमेन्द्र माहेश्वरी, डॉ. आर.के. गुप्ता, आईसीएल के अध्यक्ष आर.के. गोला, समाजसेवी अगम मौर्या, शंखनाद के अध्यक्ष विनोद गंगवार और बरेली लाइव के सम्पादक विशाल गुप्ता ने।

इस मौके पर आईटीबीपी के जवान बड़ी संख्या में पहुंचे थे। इसके अलावा डॉ. अनिल शर्मा, शिवचरन कश्यप, महेश पंडित, अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता जगदीश चंद्र पाटनी, देवेन्द्र जोशी, आरडी गुप्ता, समाजसेवी सुमन उपाध्याय, कैप्टन ओ.पी. शर्मा, आलोक शंखधर, योगाचार्य मनीष कुमार समेत बड़ी संख्या में शहर की गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।

आयोजन में विशेष सहयोग अंकुश शर्मा, सुशील पॉल, विवेक पाराशरी, त्रिभुवन सागर, यश गंगवार, अतुल गंगवार, शारिक नावेद, अभिषेक सिंह, गौरव शर्मा, रोहित राकेश, प्रियेश गंगवार, सचिन गुप्ता, ऋषभ अग्रवाल आदि का रहा। संचालन आकाशवाणी के रविन्द्र मिश्रा ने किया।

error: Content is protected !!