बरेली@BareillyLive: जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद बरेली की तहसील नवाबगंज के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) का आयोजन हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग, अवैध कब्जा, पैमाइश, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पूर्ति विभाग, चकबंदी विभाग सहित अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायतें प्राप्त हुई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरतापूर्वक ससमय निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन, सम्पूर्ण समाधान दिवस(तहसील दिवस) एवं समाधान दिवस (थाना दिवस) मा0 मुख्यमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथमिकता में से एक है। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त अधिकारी सम्पूर्ण समाधान दिवस में अवश्य आए और जो भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं उनका त्वरित निस्तारण भी करें। जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस में प्राप्त हो रही शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत करें इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए साथ ही शिकायत कर्ता निस्तारण से संतुष्ट हो इसलिए बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाये। उक्त के अतिरिक्त जिलाधिकारी ने रबी-2025 के अंतर्गत तिलहनी फसलों के क्षेत्रफल में वृद्धि हेतु गन्ने के साथ सहफसली खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषकों को सरसों के निशुल्क मिनी किट वितरित किए।
समाधान दिवस में कुल 193 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें 60 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी नवाबगंज उदित पवार, उप जिलाधिकारी न्यायिक निधि शुक्ला, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे





