बरेली@BareillyLive. सावन माह के प्रत्येक सोमवार अर्थात श्रावण मास के समस्त सोमवार को बरेली शहर के स्कूल-कॉलेजों में शिक्षण कार्य का अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने इस आशय का एक पत्र जारी कर अवकाश की घोषणा की है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार सावन माह में प्रत्येक सोमवार को कावड़ियों द्वारा विभिन्न मन्दिरों में जलाभिषेक एवं पूजा अर्चना की जाती है। इस कारण मुख्य मार्ग एवं महानगर में बड़ी संख्या में कावड़ियों के आने से जगह-जगह जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। परिणामस्वरूप छात्र-छात्राओं के आवागमन में असुविधा हो सकती है तथा दुर्घटना का भय बना रहता है।

इसको दृष्टिगत रखते हुए बरेली महानगर के यू०पी०बोर्ड (माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा), सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों से संचालित समस्त शिक्षण संस्थानों एवं दिल्ली रोड एवं बदायू रोड के 05 किलोमीटर की परिधि में यूपी बोर्ड, सीबीएससी, आईसीएसई, बोर्ड से संचालित समस्त शिक्षण संस्थाओं, टेक्नीकल कालेजों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पालिटेक्निक व अन्य शिक्षण संस्थाओं में सावन माह के प्रत्येक सोमवार (श्रावण मास के समस्त सोमवार) को विद्यार्थियों का अवकाश घोषित किया जाता है। साथ ही विद्यालय में शासकीय कार्यों हेतु समस्त स्टाफ उपस्थित रहेंगे। यदि किसी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय या अन्य किसी शिक्षण संस्था में किसी बोर्ड, विश्वविद्यालय या आयोग द्वारा पूर्वयोजित परीक्षा निर्धारित है तो यह यथावत होगी।





