बरेली@BareillyLive: बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह शरद पूर्णिमा के मौके पर रामगंगा नदी में स्नान करने गईं दो किशोरियों के डूबने का दुखद हादसा हुआ। एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि दूसरी अभी तक लापता है।
जानकारी के अनुसार, फरीदपुर क्षेत्र के सितारगंज गांव की लगभग दस किशोरियां शरद पूर्णिमा पर स्नान करने के लिए रामगंगा नदी के खल्लपुर घाट पहुंची थीं। स्नान के दौरान 17 वर्षीय अनीता अचानक गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने की कोशिश में उसकी सहेली, 17 वर्षीय पूनम, भी तेज बहाव में बह गई।
अन्य किशोरियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगाकर दोनों की तलाश शुरू की और लगभग आधा किलोमीटर दूर पूनम को बाहर निकाला गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दोनों किशोरियां कक्षा 10 की छात्राएं थीं और एक ही स्कूल में पढ़ती थीं। इस हादसे से गांव में मातम छाया हुआ है। अनीता की तलाश में पुलिस, गोताखोर, और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, और सर्च ऑपरेशन जारी है।





