The Voice of Bareilly since 2010

बरेली बवालः बीडीए की कार्रवाई जारी, सपा नेताओं और प्रधान के अवैध निर्माण सील

बरेली@BareillyLive: बरेली बवाल के बाद BDA (बरेली विकास प्राधिकरण) ने शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। सोमवार को बीडीए की टीम ने सपा के पूर्व पार्षद, वर्तमान पार्षद और एक ग्राम प्रधान के अवैध निर्माणों पर छापेमारी कर उन्हें सील कर दिया। बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंदन ए के अनुसार, ये सभी निर्माण बिना नक्शा स्वीकृति के बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सबसे प्रमुख कार्रवाई फरीदापुर चौधरी में हुई, जहां मौलाना तौकीर रजा के करीबी और सपा के पूर्व पार्षद वाजिद बेग के अवैध बरातघर पर बीडीए ने ताला जड़ दिया। यह बरातघर करीब 1200 वर्ग मीटर जमीन पर बना था और बिना मानचित्र स्वीकृति के संचालित हो रहा था। पुलिस बल की मौजूदगी में बीडीए ने बरातघर को सील किया और नोटिस चस्पा कर चेतावनी दी कि सील तोड़ने पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई होगी।

इसके अलावा, बीडीए ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र में कोहाड़ापीर पुल के नीचे सपा पार्षद कय्यूम उर्फ मुन्ना के अवैध शोरूम, वीर सावरकर नगर में नाजिर खां के गैराज, मोहनपुर ठिरिया में प्रधान जाकिर के टीन शेड वाले जिम और उसी गांव में इरफान के वर्कशॉप को भी सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान सीओ पंकज श्रीवास्तव, बीडीए के अवर अभियंता संदीप कुमार, अजीत साहनी, सीताराम, सुरेंद्र द्विवेदी, सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, गजेंद्र शर्मा और विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के साथ पूरी प्रवर्तन टीम मौजूद थी।

बता दें कि 26 सितंबर के बवाल के बाद से बीडीए ने मौलाना तौकीर रजा के करीबियों की कई संपत्तियों पर कार्रवाई की है, जिनमें आरिफ का फहम लान, फ्लोरा गार्डन, स्काई लार्क होटल, शराफत का बरातघर, नदीम की दुकानें और फरहत का मकान शामिल हैं।

error: Content is protected !!