बरेली@BareillyLive: बरेली में नौ दिन पूर्व शुक्रवार को हुए बवाल के आरोपियों पर अब प्रशासन ने बुल्डोजर एक्शन लेना शुरू कर दिया है। शनिवार को बरेली प्रशासन, पुलिस और बरेली विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने मौलाना तौकीर रज़ा खां के दाहिना हाथ माने जाने वाले आईएमसी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नफीस खां और उनके पार्टनर शोएब बेग के अवैध बारात घर रज़ा पैलेस को जमींदोज कर दिया।
बता दें कि शनिवार सुबह से ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया था। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर पुलिस, बीडीए और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँचीं। सबसे पहले इलाके की बिजली काटी गई। एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और पीएसी के जवानों ने पूरे इलाके की नाकाबंदी की गयी थी।
ध्वस्तीकरण के बाद सील किया परिसर
दोपहर करीब सवा तीन बजे चार बुलडोज़रों ने कार्रवाई शुरू की और कुछ ही घण्टों में पूरा बारात घर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई को देखने के लिए क्षेत्र के लोग जुटने लगे लेकिन पुलिस ने किसी को पास नहीं आने दिया। ध्वस्तीकरण कार्रवाई के बाद परिसर को सील कर दिया गया।
रखा धार्मिक भावनाओं का ध्यान
बारात घर को ध्वस्त करने की कार्रवाई दौरान भी प्रशासन ने धार्मिक भावनाओं का पूरा ध्यान रखा। इस दौरान रजा पैलेस के कार्यालय पर लगा इस्लामी झण्डा पहले हटवाया गया। इसके बाद कार्यालय को बुल्डोज किया गया।
अवैध निर्माण पर की कार्रवाईः बीडीए उपाध्यक्ष
बीडीए उपाध्यक्ष मणिकंदन ए. ने स्पष्ट कहा कि इमारत के निर्माण में नियमों का उल्लंघन हुआ था। यह कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है, किसी व्यक्ति विशेष को निशाना नहीं बनाया गया।
बता दें कि मौलाना तौकीर के बेहद करीबी नफीस और उनके बेटे को बरेली बवाल के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। फिलहाल इन लोगों की अन्य सम्पत्तियों की जांच भी की जा रही है।





