The Voice of Bareilly since 2010

लखनऊ में भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे को मारी गोली

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मड़ियांव छठा मील के पास मंगलवार देर रात  मोहनलालगंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर और विधायक जय देवी के बेटे आयुष किशोर (30) को बदमाशों ने गोली मार दी। आयुष को आनन-फानन में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। पुलिस इस मामले में आयुष के साले को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के अनुसार आयुष रात करीब 2:45 बजे मड़ियांव होकर घर लौट रहा था। छठा मील के पास पहुंचने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली आयुष के दाहिने हाथ को भेदते हुए निकल गई। घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आयुष बयान देने की हालत में नहीं है लेकिन उसकी हालत स्थिर है। वहीं डीसीपी नॉर्थ रईस अख्‍तर के मुताबिक, घायल आयुष खतरे से बाहर है।  गश्‍त के दौरन घायल अवस्‍था में पुलिस को आयुष मि‍ला था। नवहीं, बेटे पर हुए हमले की जानकारी मिलते ही सांसद कौशल किशोर और उनकी पत्नी जयदेवी ट्रामा सेंटर पहुंच गए।

एडीसीपी प्राची सिंह के मुताबिक घटनास्थल के करीब लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आयुष पर पहले भी हमला हो चुका है। ऐसे में रंजिश के चलते वारदात किए जाने का अंदेशा है।

वहीं, हिरासत में लिए आयुष के साले ने पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाजपा सांसद के बेटे आयुष ने खुद पर गोली चलवाई है। आयुष ने कुछ लोगों को फंसाने के लिए यह साजिश रची।  पुलिस कमिश्रनर का कहना है कि आयुष ने अपनी मर्जी से शादी की है। वह सांसद कौशल किशोर से अलग रहता है। उसने कुछ लोगों को फंसाने के लिए अपने साले से खुद पर गोली चलवाई। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!