The Voice of Bareilly since 2010

बसपा सांसद अतुल राय को अपनी ही पार्टी के विधायक मुख्तार अंसारी से जान का खतरा, गृह मंत्रालय और डीजीपी को भेजा पत्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की घोसी लोकसभा सीट से बसपा सांसद अतुल राय ने अपनी ही पार्टी के विधायक मुख्तार अंसारी से अपनी जान को खतरा बताया है। दरअसल, पंजाब की रोपड़ जेल में बंद मुख्तार अंसारी को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उत्तर प्रदेश की किसी जेल में शिफ्ट किया जाना है, ऐसे में प्रयागराज की नैनी जेल में बंद अतुल राय ने मऊ के मोहम्मदाबाद से विधायक मुख्तार अंसारी से अपनी जान का खतरा बताकर उनको नैनी जेल में शिफ्ट न करने की गुहार लगाई है। अतुल राय ने इस बाबत अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी और डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी को पत्र लिखा है।  

बसपा सांसद अतुल राय दुष्कर्म के आरोप में इन दिनों जेल में हैं। वह लोकसभा चुनाव के दौरान से ही जेल में बंद हैं। अतुल राय डीजीपी को भेजे पत्र में कहा है कि मुख्तार अंसारी ने ही उन्हें दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाया है। उन्होंने पत्र में वाराणसी, सोनभद्र से लेकर मऊ तक के कई मामलों का भी जिक्र अपने इस पत्र में किया है। अब अतुल राय को डर है कि मुख्तार अंसारी नैनी जेल में आने पर उनकी भी हत्या कर सकता है।

हाल में ही सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब की रोपड़ जेल में बंद बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को दो हफ्ते के अंदर उत्तर प्रदेश की जेल में शिफ्ट करने का निर्देश दिया है। मुख्तार अंसारी को बीते वर्ष जनवरी में बांदा जेल से पंजाब के रोपड़ जेल में शिफ्ट किया गया था। रोपड़ में मुख्तार अंसारी के खिलाफ व्यापारी को फोन पर धमकी देने के मामला दर्ज है। इसी वारंट पर उन्हें बांदा से पंजाब ले जाया गया था।  

error: Content is protected !!