Bareillylive : चिल्ड्रेंस डे के अवसर पर लायंस विद्या मंदिर स्कूल में “भारत की संस्कृति और सांस्कृतिक पहचान” विषय पर भव्य कार्निवल फेट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने फीता काटकर किया। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार किए गए राज्यों की झलक प्रस्तुत करने वाले विविध स्टॉलों का अवलोकन किया और उनकी सृजनशीलता की प्रशंसा की।
इस मौके पर विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे स्टॉलों से सजा हुआ था, जिनमें उत्तर प्रदेश, पंजाब, बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और अन्य राज्यों की पारंपरिक वस्तुएं, लोक-कलाएं, प्रसिद्ध नगरों की झलक तथा स्वदेशी खाद्य व्यंजन प्रदर्शित किए गए। छात्रों द्वारा तैयार इन स्टॉलों ने आगंतुकों को भारत की विविधता का जीवंत अनुभव कराया। बच्चों ने स्थानीय कला, लोक पोशाक, हस्तशिल्प और सजावटी सामग्री के माध्यम से अपने-अपने राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए बच्चों से संवाद किया और उनके परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि लायंस विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने जिस लगन और रचनात्मकता से भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद भी लिया और कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बच्चों में सृजनशील सोच को प्रोत्साहित करते हैं बल्कि उन्हें देश की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं।कार्यक्रम में रंगारंग नृत्य प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने विभिन्न लोकनृत्यों और आधुनिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय प्रबंधक सतीश अग्रवाल ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उनमें टीमवर्क और आत्मविश्वास का विकास होता है। प्रधानाचार्य वैशाली जौहरी ने मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार सहित सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया तथा बच्चों को चिल्ड्रेंस डे की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में लायंस क्लब के अध्यक्ष उमेश चंद्र शर्मा, विद्यालय प्रबंधक सतीश अग्रवाल, श्रीमती साधना अग्रवाल, आकांक्षा अग्रवाल, आशीष कुमार जौहरी, श्रीमती अलका अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय परिवार की इस सांस्कृतिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशप्रेम, एकता और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को प्रगाढ़ करते हैं।






