#chardhamyatra2025

उत्तरकाशी@BareillyLive: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित मां गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा 2025 का विधिवत शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में कपाट खुलने के समारोह में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की समृद्धि, सुख और शांति की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोह में शामिल होने वाले पहले मुख्यमंत्री बने। इस अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के ऊपर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। परंपराओं के अनुसार, मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी के भैरव मंदिर से प्रस्थान कर गंगोत्री धाम पहुंची। वहां विशेष पूजा और अभिषेक के बाद सुबह 10:30 बजे गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। वहीं, मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज के नेतृत्व में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सुबह 11:55 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए। कपाट खुलने के मौके पर देश-विदेश से आए हजारों भक्तों ने अखंड ज्योति के दर्शन किए और गंगा-यमुना में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने दोनों धामों में आयोजित कपाटोद्घाटन समारोह में भाग लेकर मां गंगा और यमुना के मंदिरों में पूजा-अर्चना की और लोक देवताओं की डोलियों से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर चारधाम यात्रा का शुभारंभ हुआ है। उत्तराखंड के चारधाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र हैं, और इन पवित्र धामों की यात्रा हर भक्त की इच्छा होती है। उन्होंने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ हमारा लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालु उत्तराखंड की इस पवित्र यात्रा का सुखद अनुभव और आशीर्वाद लेकर लौटें। साथ ही, उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ और हरित चारधाम यात्रा के लिए सभी से सहयोग की अपील की।

गंगोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोह में विधायक सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, किशोर भट्ट, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। यमुनोत्री धाम के समारोह में मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव उनियाल और सचिव सुनील उनियाल भी मौजूद रहे।

By vandna

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!