The Voice of Bareilly since 2010

सरस्वती शिशु मंदिर में ‘उड़ान नन्हे कदमों की’ नामक बाल पत्रिका का हुआ विमोचन

Bareillylive : सरस्वती शिशु मंदिर नैनीताल रोड में शनिवार को विद्या भारती अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री माननीय यतींद्र जी का आगमन हुआ। विद्यालय पहुँचने पर उनका स्वागत प्राचार्य सुनील कुमार सिंह एवं विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। माननीय यतींद्र जी ने अपने प्रवास के दौरान विद्यालय की शिशु वाटिका का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने नन्हे-मुन्ने शिशुओं द्वारा प्रस्तुत शैक्षिक व्यवस्थाओं, 12 शिक्षण विधियों और 14 गतिविधियों का गंभीरता से निरीक्षण किया। बच्चों की सृजनात्मकता और शिक्षिकाओं की समर्पित कार्यशैली की उन्होंने प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने बाल शिक्षा को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कुछ रचनात्मक सुझाव भी दिए।

इस अवसर पर उन्होंने शिशु वाटिका की हस्तलिखित पत्रिका ‘उड़ान नन्हे कदमों की’ का विमोचन अपने करकमलों से किया। यह पत्रिका शिशुओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और उनके बाल मन के विचारों का आकर्षक संकलन है। पत्रिका का संपादन श्रीमती अलका नवीन और श्रीमती नीलम मिश्रा के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में विद्या भारती ब्रज प्रदेश संगठन मंत्री श्री हरिशंकर जी, प्रदेश निरीक्षक श्री यशवीर जी, सह प्रदेश निरीक्षक श्री हरवीर जी, प्रांत शिशु वाटिका प्रभारी श्री राम किशोर जी और भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री श्री अनिल गर्ग भी उपस्थित रहे। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्यालय की शिक्षा पद्धति की सराहना की और इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रेरक बताया।

कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज की अध्यक्षा डॉक्टर रश्मि शर्मा, व्यवस्थापिका श्रीमती सरोज अग्रवाल, सह व्यवस्थापिका श्रीमती मोना शर्मा, कोषाध्यक्ष श्रीमती सुषमा दीक्षित, व्यवस्थापक श्री दिनेश मलिक और सह व्यवस्थापक श्री राकेश शर्मा भी मौजूद रहे।

माननीय यतींद्र जी ने कहा कि शिशु वाटिका स्तर पर बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और सृजनशीलता से जोड़ने का कार्य सरस्वती शिशु मंदिर परिवार बड़ी लगन से कर रहा है। उन्होंने शिक्षिकाओं की मेहनत और व्यवस्थापकों के सहयोग की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। अंत में प्राचार्य सुनील कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने य़ह जानकारी दी।

error: Content is protected !!