Bareillylive : 69वीं प्रदेशीय विद्यालयी बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य आगाज मंगलवार, 9 सितंबर 2025 को स्पोर्ट्स स्टेडियम, बरेली के बैडमिंटन हॉल में हुआ। प्रतियोगिता की शुरुआत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश के 18 मंडल, 3 स्पोर्ट्स कॉलेज और एक कस्तूरबा बालिका विद्यालय की लगभग 200 टीमों के 850 बालक-बालिकाएं और करीब 200 टीम मैनेजर व कोच भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ बरेली मंडल की आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर किया। इसके बाद उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि सभी प्रतिभागी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में शामिल हों। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि हार और जीत खेल का अभिन्न हिस्सा है, किंतु खेल भावना के साथ बढ़ने पर सफलता अवश्य प्राप्त होगी।
मुख्य अतिथि का स्वागत संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार, मंडलीय उप शिक्षा निदेशक मुन्ने अली और जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश राय, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर अजेन्द्र राय, बरेली बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव अनिल मेहरोत्रा, डॉ. राजेन्द्र गंगवार, अनु पाराशरी, डॉ. राम समेत कई गणमान्य व प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज ने स्वागत गीत, जबकि द्रोपदी कन्या इंटर कॉलेज और महावीर प्रसाद सक्सेना कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज द्वारा रंगोली सजाई गई तथा बैंड वादन केपीआरसी कला केंद्र कन्या इंटर कॉलेज ने प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम का संचालन डॉ. अवनीश कुमार यादव और मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने किया।






