The Voice of Bareilly since 2010

कमिश्नर ने किया कलेक्ट्रेट का मुआयना, दिये जरूरी निर्देश

कमिश्नर बरेलीबरेली। कमिश्नर प्रमांशु ने कलेक्ट्रेट बरेली का वार्षिक मुआयना किया। उन्होेंने डीएम न्यायालय, नजारत, राजस्व अभिलखागार, जेए पटल, प्रशासनिक अनुभाग, शस्त्र पटल, विभिन्न न्यायालयों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नजारत में कैश पटल पर कैश रजिस्टर देखा और सबसे पुराने कैश के बारे में पूछताछ की।  प्रशासनिक सेक्शन में तृतीय श्रेणी कर्मचारी की वार्षिक पंजिका की पत्रावली देखी और निर्देशित किया कि सीआर में प्रतिवेदक अधिकारी के बाद समीक्षा अधिकारी का मन्तब्य लिया जाये तभी प्रविष्टि पूर्ण होती है।

उन्होंने जेए पटल पर गंगस्टर, एनएसए रजिस्टरों को देखा। शस्त्र अनुभाग के निरीक्षण में कहा कि शस्त्र आवेदन व कार्यवाही हेतु नया फार्मेट पर कार्यवाही की जाये। राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण में अग्निशमन संयत्रों एवं व्यवस्थाओं पर जोर दिया। कमिश्नर ने कहा कि राजस्व अभिलेख महत्वपूर्ण है इन्हें सुरक्षित व संरक्षित रखना अनिवार्य है। अभिलेखागारों में स्मोक डिटेक्टर संयत्र लगवाये। पुराने साॅस्कृतिक व एतिहासिक महत्व के राजस्व अभिलेखों को चिन्हित कर विशेष रुप से संरक्षित किया जाये। अग्निशमन संयत्रों का समय-समय पर प्रयोगकर चेक भी किया जाये। फौजदारी मामलों के अभिलेखों व नकल जारी करने के बारे में पूछताछ की।

कलेक्ट्रेट पटलों के निरीक्षण के बाद कमिश्नर प्रमांशु ने डीएम कक्ष में बैठकर राजस्व कार्यो के प्रगति के बारे में पूछताछ की। गत वर्ष के वार्षिक मुआयने में दिये निर्देशों के अनुपालन के बारे में पूछताछ की। कमिश्नर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि प्रत्येक लेखपाल से एक माह में कम से कम एक अवैध कब्जा हटवाने की प्रभावी कार्यवाही कराये यदि किसी लेखपाल के क्षेत्र में अवैध कब्जा नही है तो उससे लिखित रिपोर्ट लें। कमिश्नर ने कहा कि जिला स्तर से राजस्व परिषद, शासन को हर माह अवैध कब्जा हटाने की रिपोर्ट जाती है लेकिन फिर भी तहसील दिवस व आमदिनों में काफी संख्या में अवैध कब्जा होने की शिकायते आती हैं। निर्देश दिये कि वास्तविक रुप में अवैध कब्जा हटाया जाये।

कानून-व्यवस्था की दृष्टि से लेखपालों एवं अमीनों को इनफार्मर बनाये इससे पूरे जनपद में बेहतर सूचना तन्त्र विकसित होगा और हर सूचना का त्वरित संज्ञान होगा जिससे समय से वांधित कार्यवाही हो सकेगी और कानून-व्यवस्था की समस्या नही बनेगी। निरीक्षण के दौरान डीएम श्री पंकज यादव, एडीएम (एफआर) मनोज कुमार, एडीएम (ई) एसपी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, समस्त एसडीएम, अपर नगर मजिस्ट्रेट आदि अधिकारी गण, कलेक्ट्रेट अनुभाग के प्रभारी उपस्थित थे।

 

error: Content is protected !!